राजधानी लखनऊ में घर का सपना संजोने वालों के लिए अच्छी खबर है. लखनऊ डेवलेपमेंट अथॉरिटी की बहुप्रतीक्षित वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजना गुरुवार को लांच हो गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि पूजन करके 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से 10,680 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही इन दोनों योजनाओं का शुभारंभ किया. इस मौके पर 2166 करोड़ रुपये से 05 बहुमंजिला आवासीय योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया. अगर आप भी यहां घर बनाने का सपना देख रहे हैं, तो जानिए आखिर प्लॉट का साइज कितना होगा और कीमत कीमत चुकानी होगी.
नैमिष नगर प्रोजेक्ट में किस साइज के प्लॉट
- 72 वर्गमीटर के 197 प्लॉट
- 112.5 वर्गमीटर के 524 प्लॉट
- 162 वर्गमीटर के 520 प्लॉट
- 200 वर्गमीटर के 299 प्लॉट
- 288 वर्गमीटर के 103 प्लॉट
- 450 वर्गमीटर के 30 प्लॉट
नैमिष नगर में कितनी कीमत में मिलेंगे प्लॉट?
नैमिष नगर प्रोजेक्ट के पहले चरण में ब्रह्म खण्ड, भूमि खण्ड फेज -1 और भूमि खण्ड फेज-2 में कुल 1673 प्लॉटों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया है. इसमें 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के प्लॉट उपलब्ध होंगे. इस योजना में प्लॉट की दर 3,800 रुपये प्रति वर्गफीट है.
क्यों खास है नैमिष नगर प्रोजेक्ट?
सीतापुर रोड पर 4100 एकड़ क्षेत्रफल में फैली नैमिष नगर योजना लखनऊ के उत्तरी क्षेत्र के विकास का मॉडल बनेगी. नैमिषारण्य धाम और मां चंद्रिका देवी मंदिर से आध्यात्मिक जुड़ाव, इस योजना को आधुनिक, संतुलित और समृद्ध जीवन का नया केंद्र बनाएगा.
इस योजना में मेडिटेशन सेंटर, वर्ल्ड क्लास एजुकेशन हब, कल्चरल सेंटर, कम्युनिटी सेंटर, शॉपिंग स्ट्रीट और एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) केंद्र जैसी शानदार सुविधाएं उपलब्ध हैं. साथ ही, आई.आई.एम. रोड, सीतापुर रोड, किसान पथ, ग्रीन कॉरिडोर, हजरतगंज मेट्रो स्टेशन एवं सी.सी.एस. इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ अस्पताल और विश्वविद्यालय जैसी बेहतरीन कनेक्टिविटी भी है. योजना में लगभग 02 लाख की आबादी को आवासीय सुविधा मिलेगी.
वरुण विहार प्रोजेक्ट में किस साइज के प्लॉट?
- 112.5 वर्गमीटर के 1,517 प्लॉट
- 162 वर्गमीटर के 460 प्लॉट
- 200 वर्गमीटर के 612 प्लॉट
- 288 वर्गमीटर के 68 प्लॉट
- 300 वर्गमीटर के 81 प्लॉट
- 450 वर्गमीटर के 109 प्लॉट
वरुण विहार में कितनी कीमत में मिलेंगे प्लॉट?
वरुण विहार योजना के प्रथम चरण काशी खण्ड, कैलाश खण्ड फेज-1 और कैलाश खण्ड फेज- 2 में कुल 2,847 प्लॉटों के लिए रजिस्ट्रेशन खोला गया है. इसमें 112.5 वर्ग मीटर से 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के प्लॉट उपलब्ध होंगे. इस योजना में प्लॉट की दर 2,800 रुपये प्रति वर्गफीट होगी.
क्यों खास है वरुण विहार प्रोजेक्ट?
आगरा एक्सप्रेस-वे के निकट 6,580 एकड़ क्षेत्रफल में फैली वरुण विहार योजना शहर की सबसे बड़ी सेल्फ सस्टेनेबल आवासीय कालोनी के रूप में सामने आएगी. वरुण विहार में लगभग 800 एकड़ में ग्रीन बेल्ट/पार्क/वाटर बॉडीज, अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, 70 एकड़ में प्राकृतिक झील, वर्ल्ड क्लास एजुकेशन हब, लगभग 20 एकड़ में स्पोर्ट्स हब, विशाल सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट, हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर एवं 300 एकड़ में लॉजिस्टिक पार्क जैसी शानदार सुविधाएं उपलब्ध हैं.
इसके साथ ही आगरा एक्सप्रेसवे, किसान पथ, चारबाग रेलवे स्टेशन एवं सी.सी.एस. इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय जैसी बेहतरीन कनेक्टिविटी भी है. योजना में लगभग 03 लाख की आबादी को आवासीय सुविधा मिलेगी. साथ ही शहर के उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और लॉजिस्टिक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास होगा.
कैसे होगा रजिस्ट्रेशन?
नैमिष नगर और वरुण विहार में प्लॉटों के लिए रजिस्ट्रेशन 24 सितंबर से 24 अक्तूबर 2026 तक खोल दिए गए हैं. रजिस्ट्रेशन एलडीए की आधिकारिक बेवसाइट registration.ldalucknow.in के जरिए से ही कराया जा सकेगा. एकमुश्त भुगतान के विकल्प का चयन करने पर आवंटन में वरीयता दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: लखनऊ में बसेंगे दो नए हाईटेक शहर, CM योगी ने किया शिलान्यास, सुविधाएं होंगी वर्ल्ड क्लास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं