उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान सार्वजनिक करने और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस ने राजभवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, उत्तराखंड चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजभवन के गेट पर नारेबाजी की.
दिल्ली से देहरादून तक गूंजा मामला
दिल्ली के इंडिया गेट से लेकर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून तक अंकिता भंडारी हत्याकांड और दुष्यंत गौतम की नियुक्ति का मुद्दा गरमाया हुआ है. एक ओर अंकिता भंडारी के माता-पिता ने इंडिया गेट पर धरना दिया, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड कांग्रेस ने देहरादून में राजभवन के बाहर प्रदर्शन कर विरोध जताया.

ज्ञापन देने पहुंचे, गेट पर हुआ हंगामा
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पहले प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कई नेता और कार्यकर्ता राजभवन की ओर ज्ञापन देने पहुंचे. इस दौरान कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजभवन परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया, जिसके बाद वहां नारेबाजी और हंगामा शुरू हो गया. पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच करीब दो घंटे तक धक्कामुक्की और तीखी नोकझोंक होती रही.
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच गतिरोध
लंबी मशक्कत के बावजूद पुलिस प्रदर्शनकारियों को राजभवन गेट से हटाने में सफल नहीं हो सकी. करीब दो से ढाई घंटे तक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता राजभवन के बाहर डटे रहे. इस दौरान कई कार्यकर्ताओं के साथ-साथ प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और हरक सिंह रावत भी राजभवन के अंदर जाने का प्रयास करते नजर आए.

गणेश गोदियाल ने सरकार पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि जब तक अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान स्पष्ट नहीं हो जाती और दुष्यंत गौतम को सिक्किम के राज्यपाल पद से हटाने पर सरकार फैसला नहीं करती, तब तक प्रदेशभर में आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि जब मामले की जांच चल रही है और कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं, तब ऐसी नियुक्ति पर सरकार को स्पष्टीकरण देना चाहिए.
यह भी पढ़ें- एसआईटी, सीबीआई जांच और दोषियों को उम्रकैद.. अंकित भंडारी केस में अबतक क्या-क्या हुआ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं