- उर्मिला ने कोर्ट में लिखित सहमति प्रदान की है और दोनों टेस्ट गुजरात के गांधीनगर स्थित फॉरेंसिक लैब में होंगे
- नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा
- पूर्व विधायक सुरेश राठौर का भी इस मामले में नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराना आवश्यक माना गया है
अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में शुक्रवार को देहरादून की सीबीआई अदालत से एक बड़ा फैसला सामने आया है. कोर्ट ने टेलीविजन एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के आदेश जारी कर दिए हैं. इससे पहले सुबह करीब 11:30 बजे उर्मिला सनावर देहरादून की सीबीआई कोर्ट पहुंची थीं. कोर्ट में करीब दो घंटे तक चली लंबी पेशी और सुनवाई के बाद दोपहर 1:30 बजे जब उर्मिला बाहर आईं तो उन्होंने मीडिया से बातचीत की. उर्मिला ने बताया कि वह इस टेस्ट के लिए पूरी तरह तैयार हैं और कोर्ट में उन्होंने अपनी लिखित रजामंदी दे दी है. जिसके बाद अदालत ने इस पर अपनी सहमति जताई.
गुजरात के गांधीनगर में होगी जांच, तारीख आना बाकी
उर्मिला सनावर की वकील शिवानी तोमर ने बताया कि सुनवाई के दौरान नार्को और पॉलीग्राफी टेस्ट के लिए सहमति पत्र सौंप दिया गया है और उर्मिला के बयान को भी रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया गया है. यह तय हुआ है कि दोनों टेस्ट गुजरात के गांधीनगर स्थित फॉरेंसिक लैब में किए जाएंगे. हालांकि ये टेस्ट किस तारीख को होंगे इसकी अंतिम तिथि अभी तय नहीं की गई है. वकील के मुताबिक नवंबर के तीसरे हफ्ते तक उर्मिला का मेडिकल टेस्ट कराया जा सकता है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही गांधीनगर जाने और टेस्ट शुरू होने की तारीख फाइनल होगी.
पूर्व विधायक सुरेश राठौर का भी होना है टेस्ट
इस हाई-प्रोफाइल मामले में केवल उर्मिला सनावर ही नहीं बल्कि भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर भी जांच के दायरे में हैं. इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए आने वाले दिनों में पूर्व विधायक सुरेश राठौर का भी नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाना तय हुआ है.
जबरन वसूली मामले में मिली थी जमानत
आपको बता दें कि उर्मिला सनावर की मुश्किलें पहले से ही बढ़ी हुई हैं. बीते 26 अक्टूबर को देहरादून कोर्ट में पेशी से ठीक पहले उनके खिलाफ मानहानि और जबरन वसूली का एक नया मामला दर्ज हुआ था. जिसके बाद पुलिस ने उन्हें सहारनपुर स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया था. हालांकि पिछले हफ्ते ही हरिद्वार की एक स्थानीय अदालत ने उन्हें इस मामले में जमानत दे दी थी. अब अंकिता भंडारी केस में होने वाले इस नार्को टेस्ट पर सबकी निगाहें टिकी हैं कि इससे क्या नए खुलासे होते हैं.
यह भी पढ़ें | अंकिता भंडारी के मां-बाप के साथ धरने पर राहुल-प्रियंका, दिल्ली से देहरादून बजने लगी फोन की घंटियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं