- Diwali 2026: UP में FSDA की बड़ी छापेमारी, 600 किलो पनीर नष्ट, कई मिठाई दुकानों पर कार्रवाई
- हापुड़ में पकड़ा गया 600 किलो संदिग्ध पनीर, कीमत 1.81 लाख रुपये
- रायबरेली में 348 किलो बेसन और मिठाई नष्ट, दुकान कराई गई बंद
दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. कहीं मिठाई और नमकीन बनाने वाली यूनिट में चूहे, कबूतर और गंदगी मिली तो कहीं बिक्री के लिए ले जाए जा रहे सैकड़ों किलो पनीर की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत चल रहे 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने प्रदेशभर में जांच तेज कर दी है. कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों पर सख्त कदम उठाए गए हैं.
86 प्रतिष्ठानों की जांच, 71 को नोटिस
NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार FSDA ने वाराणसी, आगरा और लखनऊ में कुल 86 मिठाई और नमकीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. जांच के दौरान 71 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि 30 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए.
निरीक्षण के दौरान खोया, दूध, खाद्य रंग, तेल की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, पैकेजिंग और मिठाइयों की ‘यूज बाय डेट' की जांच की गई.

लखनऊ में फूड सेफ्टी विभाग की वैन जांच करती हुई
Photo Credit: NDTV
लखनऊ में नमकीन यूनिट पर कार्रवाई
यूपी की राजधानी लखनऊ के नादरगंज स्थित 'महेश नमकीन' प्रतिष्ठान में निरीक्षण के दौरान गंदगी, मकड़ी के जाले, कबूतरों की मौजूदगी और भंडारण संबंधी गंभीर खामियां मिलीं. स्थिति को देखते हुए विभाग ने तत्काल नमकीन उत्पादन पर रोक लगा दी. इसके अलावा 18 अन्य प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किए गए. खाद्य पदार्थों और तलने वाले तेल के 19 नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं.

हापुड़ में छापेमार कार्रवाई
Photo Credit: NDTV
हापुड़ में 600 किलो पनीर बरामद
हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एनएच-9 पर चोटीवाला ढाबे के पास एक वाहन की जांच के दौरान 600 किलोग्राम पनीर बरामद किया. यह पनीर मुरादाबाद से दिल्ली बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था. जांच में पनीर गंदे बर्तनों में अखाद्य बर्फ के साथ अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा मिला. खट्टेपन और दुर्गंध के कारण मिलावट की आशंका पर दो नमूने जांच के लिए लिए गए. शेष 597 किलोग्राम पनीर, जिसकी कीमत लगभग 1.81 लाख रुपये बताई गई, नियमानुसार गड्ढे में दबाकर नष्ट कर दिया गया.

रायबरेली में रसगुल्ला खराब
Photo Credit: NDTV
रायबरेली में मिठाई और बेसन नष्ट
रायबरेली में 'नरेश स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट' पर छापेमारी के दौरान तीन नमूने संग्रहित किए गए. खाद्य सामग्री की गुणवत्ता खराब मिलने पर 348 किलोग्राम बेसन और मिठाई, जिसकी कीमत करीब 48 हजार रुपये थी, मौके पर ही नष्ट कराई गई. साथ ही आवश्यक सुधार होने तक प्रतिष्ठान को बंद करा दिया गया.
घटतौली और MRP पर भी शिकंजा
खाद्य सुरक्षा जांच के साथ-साथ विधिक माप विज्ञान विभाग भी त्योहारों के दौरान बाजारों में सक्रिय है. 26 अक्टूबर से शुरू हुआ विशेष अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 2 से 5 नवंबर तक संचालित होगा. विभाग की टीमें मिठाई-गिफ्ट पैक, एलपीजी सिलेंडर, खाद्य तेल, घी, आटा, मैदा, सूजी, ज्वैलर्स प्रतिष्ठानों और पेंट कारोबारियों की जांच कर रही हैं. विशेष रूप से मिठाई के डिब्बों के वजन को मिठाई में जोड़कर अधिक कीमत वसूलने, एमआरपी से ज्यादा राशि लेने और माप-तौल में गड़बड़ी जैसी शिकायतों पर फोकस किया जा रहा है.
कब से कब तक चलेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश में विधिक माप विज्ञान विभाग का विशेष जांच अभियान तेज कर दिया गया है. दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज और छठ जैसे प्रमुख पर्वों को देखते हुए विभाग की टीमें बाजारों में औचक निरीक्षण कर रही हैं. अभियान के तहत घटतौली, पैकेज्ड वस्तुओं पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक वसूली और माप-तौल से जुड़ी अनियमितताओं पर विशेष नजर रखी जा रही है. 26 अक्टूबर से शुरू हुआ यह अभियान 31 अक्टूबर तक पहले चरण में और 2 से 5 नवंबर तक दूसरे चरण में जारी रहेगा.
ये सब है रडार पर
मिठाई और गिफ्ट पैक, एलपीजी सिलेंडर, खाद्य तेल, घी, आटा, मैदा, सूजी, ज्वैलर्स प्रतिष्ठान और पेंट कारोबारियों को विशेष निगरानी में रखा गया है. विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि उपभोक्ताओं को घोषित मात्रा के अनुरूप वस्तुएं मिलें और उनसे निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली न की जाए. सरकार का कहना है कि त्योहारों के दौरान नागरिकों को सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष खरीदारी का माहौल उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : गोरखपुर में खतरनाक रसायन से रंगा गया 300 क्विंटल चना बरामद, खाने पर कैंसर के अलावा हो सकती है ये बीमारियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं