विज्ञापन

UP Weather: उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान से 28 की मौत; प्रयागराज में सबसे ज्‍यादा तबाही, देखें मृतकों की सूची

UP Weather: उत्तर प्रदेश में आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है. फतेहपुर में 5 और हरदोई में 1 बच्ची व प्रयागराज में 17 लोगों समेत प्रदेशभर में कुल 28 की मौत हुई है. सोनभद्र, उन्नाव, बस्ती और मुजफ्फरनगर में पेड़ गिरने से यातायात और रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं. कई लोग घायल हैं और भारी संपत्ति का नुकसान हुआ है.

UP Weather: उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान से 28 की मौत; प्रयागराज में सबसे ज्‍यादा तबाही, देखें मृतकों की सूची
प्रयागराज, फतेहपुर और हरदोई में आंधी के दौरान हुए हादसों में एक मासूम छात्रा समेत 28 लोगों की जान चली गई
  • उत्तर प्रदेश में तेज धूलभरी आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश से 28 लोगों की मौत हुई
  • फतेहपुर में दीवार गिरने और पेड़ टूटने से नौ लोगों की मौत हुई जबकि कई लोग घायल हैं और बिजली आपूर्ति बाधित हुई
  • हरदोई के रूपापुर गांव में शौचालय की दीवार गिरने से कक्षा पांच की छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

UP Weather: उत्तर प्रदेश में बुधवार को मौसम ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया. तेज धूलभरी आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश ने प्रदेश के कई जिलों में भारी तबाही मचाई है. प्रयागराज, फतेहपुर और हरदोई में आंधी के दौरान हुए हादसों में एक मासूम छात्रा समेत 28 लोगों की जान चली गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं. आंधी का असर रेल और सड़क यातायात पर भी पड़ा है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.

उत्‍तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी-तूफान का तांडव के बाद प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है. सड़कों से पेड़ हटाकर यातायात सुचारू किया जा रहा है. यूपी मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक सतर्क रहने की चेतावनी दी है. सबसे ज्‍यादा मौतें प्रयागराज व इसके आस-पास के इलाकों में हुई हैं. 

up weather news storm heavy rain destruction fatehpur hardoi deaths train affected

UP Weather: यूपी में आंधी-तूफान का 'तांडव', प्रयागराज में 17 समेत प्रदेश भर में 28 की मौत, रेल और सड़क मार्ग ठप. 

प्रयागराज में सबसे भीषण तबाही, 17 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ प्रयागराज में बुधवार शाम आई धूल भरी आंधी ने सबसे भीषण तबाही मचाई है. जिला प्रशासन द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है. एडीएम (वित्त एवं राजस्व) विनीता सिंह के मुताबिक, राजस्व विभाग की टीमें सभी तहसीलों से डेटा जुटा रही हैं. आशंका जताई जा रही है कि राहत और बचाव कार्य के बीच मौतों का यह आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है.

मौतों का तहसीलवार विवरण

  • हंडिया: 07 मौतें
  • फूलपुर: 04 मौतें
  • सोरांव: 03 मौतें
  • मेजा: 02 मौतें
  • सदर: 01 मौत

नुकसान का पूरा ब्यौरा

मृतकों का विवरण: मरने वालों में 8 पुरुष, 5 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल हैं.
घायल: आंधी-तूफान की चपेट में आने से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
पशु एवं संपत्ति हानि: अब तक 20 पशुओं की मौत हुई है और 16 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं.

up weather news storm heavy rain destruction fatehpur hardoi deaths train affected

यूपी मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक सतर्क रहने की चेतावनी दी है. 

1. फतेहपुर: आंधी का सबसे ज्यादा कहर, 9 की मौत

फतेहपुर में तूफान ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है. यहां अलग-अलग हादसों में 9 लोगों की मौत हो गई. खागा तहसील के सेमौरी और अन्य गांवों में दीवार गिरने और पेड़ गिरने से मौतें हुईं. सदर तहसील के बमरौली में दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई. मां-बेटे समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. कई जगहों पर बिजली के पोल और पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई है.

2. हरदोई: शौचालय की दीवार गिरने से छात्रा की मौत

यूपी के हरदोई ज‍िले के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव में आंधी के दौरान घर के बाहर बने शौचालय की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई. इसकी चपेट में आने से कक्षा 5 में पढ़ने वाली 11 साल की छात्रा की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई. 

up weather news storm heavy rain destruction fatehpur hardoi deaths train affected

लखनऊ-कानपुर और उन्नाव-रायबरेली रेल रूट पर ओएचई (OHE) लाइन पर पेड़ गिर गए.

3. उन्नाव: रेल यातायात प्रभावित, शताब्दी समेत कई ट्रेनें प्रभाव‍ित

उत्‍तर प्रदेश के उन्नाव में तेज हवाओं के कारण लखनऊ-कानपुर और उन्नाव-रायबरेली रेल रूट पर ओएचई (OHE) लाइन पर पेड़ गिर गए. इससे शताब्दी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन ठप हो गया. सोनिक और अजगैन के बीच ट्रैक बाधित होने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई. रेलवे की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक बहाल किया.

उन्नाव जंक्शन के अलावा सोनिक व गांगाघाट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों को रोका गया. शताब्दी एक्स्प्रेस,वंदेभारत एक्सप्रेस, मेमू पैसेंजर,बांद्रा टर्मिनल साप्ताहिक ट्रेनों की रफ्तार थमी. रेलवे की टीम ने पेडों को हटाने के साथ ही OHE लाइन की मरम्मत की. करीब 8.30 बजे ट्रेनों का संचालन बहाल हो सका, 2 घन्टे तक रेलमार्ग बाधित रहा.

4. सोनभद्र: हाईवे पर गिरा विशाल बोर्ड, बाल-बाल बची पुलिस टीम

सोनभद्र में धूलभरी आंधी ने दिन में ही अंधेरा कर दिया. राबर्ट्सगंज में जिला पंचायत का विशाल लोहे का स्वागत बोर्ड हाईवे पर गिर गया.
सुकृत चौकी परिसर में खड़ी एक पुलिस जीप पर भारी पेड़ गिर गया, जिससे गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. खलियारी-कलवारी स्टेट हाईवे पर पेड़ गिरने से एंबुलेंस सहित सैकड़ों वाहन घंटों जाम में फंसे रहे.

5. मुजफ्फरनगर: ओलावृष्टि और 40 KM की रफ्तार से हवाएं

मुजफ्फरनगर में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं और भारी ओलावृष्टि ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया. मौसम विभाग ने पहले ही इसका अलर्ट जारी किया था. ओलावृष्टि से फसलों और वाहन चालकों को काफी नुकसान पहुँचा है.

6. बस्ती: स्कॉर्पियो पर गिरा आम का पेड़

बस्ती-महुली मार्ग पर सोनुपार के पास एक चलती स्कॉर्पियो कार पर विशालकाय आम का पेड़ गिर गया. कार बुरी तरह पिचक गई, लेकिन गनीमत रही कि रेस्क्यू कर उसमें सवार तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया. इस घटना के बाद मार्ग पर घंटों आवागमन ठप रहा.  

7. कानपुर में बिजली ग‍िरने से  किशोरी समेत 33 बकरियों की मौत

कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र में बुधवार दोपहर मौसम का अचानक बदला मिजाज एक परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया. तेज बारिश और गर्जना के बीच गिरी आकाशीय बिजली ने एक किशोरी और 33 बकरियों की जान ले ली. जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सिठऊपुरवा के पास भौतरी गांव निवासी रामबहादुर कुशवाहा की 15 वर्षीय पुत्री रुचि कुशवाहा प्रतिदिन की तरह बकरियां चराने खेतों की ओर गई थी. दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक मौसम बिगड़ गया. तेज बारिश शुरू हुई और आसमान में तेज गर्जना होने लगी. इसी दौरान अचानक कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में रुचि और उसके आसपास चर रही 33 बकरियां आ गईं. हादसा इतना भयावह था कि रुचि गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

(यूपी टीम की र‍िपोर्ट)

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में आंधी और बारिश से बदला मौसम, कई जगह पड़े ओले, 15 फ्लाइट्स को किया गया डायवर्ट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com