विज्ञापन

यूपी के अस्पतालों में क्या हो रहा है? हर्निया के बाद अब जबड़े का गलत ऑपरेशन, पीड़िता को थप्पड़ मार किया चुप

उत्तर प्रदेश के ललितपुर और बुलंदशहर में डॉक्टरों की घोर लापरवाही सामने आई है. ललितपुर मेडिकल कॉलेज में एक डेंटिस्ट ने किशोरी के दाएं जबड़े की जगह बाएं जबड़े का ऑपरेशन कर दिया और विरोध करने पर उसे थप्पड़ मारा. वहीं, बुलंदशहर में हर्निया का गलत साइड ऑपरेशन करने का मामला प्रकाश में आया है. प्रशासन ने इन मामलों में जांच और सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं.

यूपी के अस्पतालों में क्या हो रहा है? हर्निया के बाद अब जबड़े का गलत ऑपरेशन, पीड़िता को थप्पड़ मार किया चुप

उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों से डॉक्टरी लापरवाही के हैरान करने वाले मामले सामने आ रहे हैं. बुलंदशहर के खुर्जा में हर्निया के गलत साइड के ऑपरेशन का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब ललितपुर मेडिकल कॉलेज में एक महिला डॉक्टर ने बड़ी चूक कर दी. यहाँ एक किशोरी के दाएं जबड़े में दर्द था, लेकिन डॉक्टर ने उसके बाएं जबड़े का ऑपरेशन कर दिया.

क्या है पूरा मामला?

ललितपुर के नेहरू नगर की रहने वाली भावना अपने पिता जगदीश अहिरवार के साथ दाएं जबड़े में दर्द की शिकायत लेकर मेडिकल कॉलेज की डेंटिस्ट डॉ. दीपिका कुमारी जैन के पास पहुंची थीं. डॉक्टर ने ऑपरेशन की सलाह दी. परिजनों का आरोप है कि 9 अप्रैल 2026 को ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने दाएं की जगह बाएं जबड़े की सर्जरी कर दी.

पीड़िता का दावा है कि जब उसने ऑपरेशन के दौरान दर्द होने की बात कही, तो डॉक्टर ने उसे ढांढस बंधाने के बजाय गाल पर थप्पड़ मारकर चुप करा दिया. इसके बाद से पीड़िता की हालत बिगड़ती जा रही है.

पैसे लेने और बदसलूकी के आरोप

पीड़िता के पिता के मुताबिक, डॉक्टर ने ऑपरेशन के सामान के नाम पर कुल 35 हजार रुपये (पहले 10 हजार और फिर 25 हजार) लिए. सरकारी अस्पताल में इस तरह पैसे लेना भी जांच का विषय है. मामले के तूल पकड़ने पर जिलाधिकारी (IAS) सत्यप्रकाश ने मेडिकल कॉलेज के डीन को जांच कर दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़िता का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

अस्पताल प्रशासन की सफाई

महिला अस्पताल के CMS डॉ. गजेंद्र सिंह ने बताया कि डॉक्टर ने पैसे लेने की बात स्वीकार की है, लेकिन उनका तर्क है कि ये पैसे 'इम्प्लांट' के लिए थे क्योंकि अस्पताल में वे उपलब्ध नहीं थे. गलत साइड के ऑपरेशन पर डॉक्टर का कहना है कि मरीज को 'ब्लाइंड ट्यूमर' था, जिसका ऑपरेशन दोनों तरफ एक साथ नहीं किया जा सकता था. हालांकि, मारपीट के आरोपों पर दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर कार्रवाई की बात कही गई है.

बुलंदशहर में भी हुई ऐसी ही घटना

इससे पहले खुर्जा के श्री सूरजमल जटिया अस्पताल में भी ऐसी ही लापरवाही दिखी थी, जहाँ डॉक्टरों ने मरीज के बाएं हिस्से में हर्निया होने के बावजूद दाएं हिस्से का ऑपरेशन कर दिया था. उत्तर प्रदेश में एक के बाद एक सामने आ रहे ये मामले डॉक्टरों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं. यहां क्लिक करके पढ़ें पूरी खबर... 

Hernia Operation: बच्‍चे के लेफ्ट हिस्से में था हर्निया, डॉक्टर ने राइट साइड में कर दिया ऑपरेशन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com