यूपी में शामली के कैराना स्थित उप निबंधक कार्यालय में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक परिवार के सदस्य संपत्ति की रजिस्ट्री को लेकर आपस में भिड़ गए. मामला इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की लेकिन विवाद बढ़ता ही चला गया. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा.
मकान की रजिस्ट्री को लेकर आमने-सामने आए परिजन
जानकारी के अनुसार कैराना के मोहल्ला पीरजादगान निवासी महताब का पहला विवाह सलीम के साथ हुआ था. दोनों के सात बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और तीन बेटे शामिल हैं. बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में सलीम ने महताब के नाम एक प्लॉट खरीदा था, जिस पर बाद में मकान बनाया गया.
करीब एक महीने पहले महताब ने रेता वाला निवासी आलम से दूसरा विवाह कर लिया. मंगलवार दोपहर वह अपनी पुत्री साइना उर्फ समेरा और दामाद अरशद के साथ उक्त मकान की रजिस्ट्री कराने उप निबंधक कार्यालय पहुंची थीं. इसी दौरान उनकी दो अन्य बेटियों ने रजिस्ट्री का विरोध कर दिया. इसके बाद परिवार के सदस्यों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया.
मौके पर मचा हड़कंप, पुलिस ने संभाली स्थिति
रजिस्ट्री कार्यालय में अचानक हुए इस विवाद से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. हंगामा बढ़ने पर सूचना पुलिस तक पहुंची. कैराना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार के सदस्यों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रित किया. घटना के कारण कुछ समय तक कार्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना रहा.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई दूसरी कहानी
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो और उससे जुड़ा दावा तेजी से वायरल होने लगा. दावा किया गया कि तीन शादियां कर चुका एक युवक चौथी शादी करने पहुंचा था, जहां उसकी पत्नियों ने उसे सड़क पर निर्वस्त्र कर पीट दिया. यह कहानी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई और देखते ही देखते वायरल हो गई.
हालांकि, स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार उप निबंधक कार्यालय में हुआ विवाद मकान की रजिस्ट्री और पारिवारिक संपत्ति को लेकर था. ऐसे में वायरल दावों और वास्तविक घटना को एक ही घटना मानने से पहले तथ्यों की जांच करना जरूरी है.
यह भी पढ़ें | गाजियाबाद पुलिस चौकी ब्लास्ट में टेरर एंगल, इस संगठन ने ली जिम्मेदारी; पुलिस ने दर्ज की FIR
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं