विज्ञापन

'तुम्हारी दीवार मेरी जमीन पर है, इसे तुरंत तोड़ो', चौड़े हो रहे पड़ोसी को शख्स ने सिखाया सबक, मांगने लगा माफी

डिजिटल कंटेंट क्रिएटर रुबेल ने अपनी एक्स पोस्ट में उन तीन तरीकों के बारे में बताया है, जिनका इस्तेमाल करके उन्हें अपने पड़ोसी को सबक सिखाया था.

'तुम्हारी दीवार मेरी जमीन पर है, इसे तुरंत तोड़ो', चौड़े हो रहे पड़ोसी को शख्स ने सिखाया सबक, मांगने लगा माफी
एक्स पर यह पोस्ट लोगों को खूब पसंद आ रही है. (सांकेतिक तस्वीर)
Pexels

Viral Post: अपना घर बनवाते समय अगर कोई पड़ोसी अचानक आकर काम रुकवा दे या बाउंड्री पर विवाद खड़ा कर दे क्या करना चाहिए? रुबेल नाम के एक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर ने बुधवार को एक सोशल मीडि‍या पोस्‍ट में अपना एक्‍सपीरियंस शेयर करते हुए इसका जवाब दिया है. उनका कहना है क‍ि ऐसे सि‍चुएशन में गुस्‍सा करने के बजाय अपनी जमीन के कागजों को चेक करना चाहिए. अगर वो सही हैं तो फ‍िर कानूनी तरीके से पड़ोसी को सबक स‍िखाना चाहिए.

'मैं तुम्‍हारा घर नहीं बनने दूंगा'

रुबेल ने लिखा, 'मैंने अपनी जिंदगी की सारी जमा-पूंजी लगाकर 35 लाख रुपये में एक प्लॉट खरीदा और उस पर अपना घर बनवाना शुरू किया. नींव पड़ चुकी थी, दीवारें भी आधी बन गई थीं. तभी एक दिन मेरा पड़ोसी आया और मजदूरों को काम रोकने के लिए कहने लगा. मैंने पूछा- भाई साहब, क्या हुआ? आप काम क्यों रुकवा रहे हैं? वह अकड़कर बोला- तुम्हारी दीवार मेरी जमीन में आ रही है. इसे अभी तोड़ो, वरना मैं तुम्हें घर नहीं बनाने दूंगा.'

'पुलिस बुलाने की धमकी सुनकर हंसने लगा'

रुबेल ने कहा, 'मैंने अपनी जमीन के कागजात दिखाए, लेकिन वह कुछ सुनने को तैयार नहीं था. उसने अगले ही दिन अपने कुछ लोगों को बुला लिया और मेरी बन रही दीवार के सामने ईंटें रखवा दीं, ताकि मजदूर काम न कर सकें. मैंने समझाने की कोशिश की, तो उसने धमकी देते हुए कहा- यहां रहना है तो मेरे हिसाब से रहना पड़ेगा. मोहल्ले में मेरी चलती है. जब मैंने पुलिस को बुलाने की बात कही, तो वह हंसकर बोला- पुलिस भी मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती.'

'लेखपाल को बुलाकर जमीन की नापी कराई'

रुबेल ने आगे लिखा, 'उस रात मैं परेशान होकर अपनी जमीन के कागजात देखने लगा. तभी मेरी नजर जमीन के नक्शे पर पड़ी. मुझे एक ऐसी चीज दिखाई दी, जिसने पूरे मामले को पलट दिया. अगली सुबह मैं सीधे लेखपाल को लेकर जमीन की नापी करवाने पहुंचा. पड़ोसी को लगा कि इस बार भी वह मुझे डरा देगा, लेकिन नापी शुरू होते ही उसका चेहरा उतर गया. लेखपाल ने सबके सामने कहा- गलती इनके घर में नहीं, बल्कि आपके बनाए हुए निर्माण में है. लेकिन तभी पड़ोसी ने एक पुराना कागज निकालकर दिखाया और दावा किया कि असली गलती लेखपाल की है.'

'मेरी जमीन में बना था पड़ोसी का घर'

रुबेल ने बताया जब लेखपाल ने पड़ोसी का पुराना कागज देखा तो कहा- यह कागज 15 साल पुराना है. इसमें जमीन की सीमाएं साफ नहीं हैं. इसका फैसला पुराने कागज देखकर नहीं, बल्कि सरकारी रिकॉर्ड और सही नापी से होगा. यह सुनकर पड़ोसी गुस्से में बोला- मैं इस जमीन पर 20 साल से रह रहा हूं. मुझे किसी की नापी नहीं चाहिए. लेकिन जब लेखपाल ने सरकारी नक्शे के अनुसार दोबारा नापी की, तो पता चला कि पड़ोसी ने अपने घर की दीवार मेरी जमीन के करीब 3 फीट अंदर तक बना रखी थी. मैंने उससे कहा- भाई साहब, मैंने तो आपसे कभी कुछ नहीं मांगा. बस अपनी जमीन पर घर बनाना चाहता हूं. अब आप ही बताइए, मुझे मेरा हक क्यों नहीं मिलना चाहिए?'

'कानून रास्ता अपनाते ही मांगी माफी'

इतना सब होने के बाद जब पड़ोसी बिना कुछ कहे चला गया तो रुबेल को लगा कि अब मामला खत्म हो गया. लेकिन अगले दिन पड़ोसी ने रुबेल के खिलाफ थाने में शिकायत कर दी कि वो उसकी जमीन पर जबरन कब्जा कर रह है. इसके बाद रुबेल सारे कागजात लेकर थाने पहुंचा. पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी और जमीन की सीमाओं की जांच कराने की सलाह दी. रुबेल ने इसके बाद वकील से सलाह लेकर कानूनी रास्ता अपनाया. रुबेल ने कहा- इसके कुछ हफ्तों बाद पड़ोसी खुद मेरे घर आया. इस बार उसके हाथ में कोई कागज नहीं था. उसने धीरे से कहा- मुझसे गलती हो गई. अगर तुम चाहो तो हम बैठकर इस मामले को सुलझा सकते हैं. मैंने उससे सिर्फ एक सवाल पूछा- जब मैं तुमसे शांति से बात कर रहा था, तब तुमने मेरे मजदूरों को धमकाकर काम क्यों रुकवाया था? उसके पास कोई जवाब नहीं था.'

'गुस्सा करने के बजाय यही तरीके अपनाएं'

रुबेल ने आखिर में लिखा, 'उस दिन मुझे समझ आया कि पड़ोसी से जमीन का विवाद हो जाए, तो गुस्से या ताकत से नहीं, बल्कि सही कागजात, सरकारी नापी और कानूनी प्रक्रिया से अपना हक मांगना चाहिए. क्योंकि जमीन का झगड़ा सिर्फ दीवारों का नहीं होता, कभी-कभी यह जिंदगी भर की कमाई का सवाल बन जाता है और कई बार बहुत बड़ा भी हो जाता है.'

यह भी पढ़ें | बुलंदशहर की रामलीला में 69 साल के बुजुर्ग ने 60 फीट ऊपर से लगाई 'मौत की छलांग', अब पुलिस ने जारी किया बयान

यह भी पढ़ें | उडोन थानी में पहली बार मिले डायनासोर के पैरों के निशान, वैज्ञानिकों ने बताया 12 करोड़ साल पुराना इतिहास

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Zameen Vivad, Property Dispute, Land Measurement, Legal Action, Viral Post
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com