- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौत हुई.
- हादसा मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे के लदावली गांव के पास हुआ, जिसमें कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए.
- स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और पुलिस को सूचना दी, जिससे घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. मुरादाबाद शनिवार को हरिद्वार हाईवे पर रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हुई थी. इस घटना में कई यात्री घायल भी हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. यह हादसा मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली गांव में हुआ. टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोडवेज बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस घटना के कारण चीख-पुकार मच गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद की और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई.
मुरादाबाद सड़क हादसे के मृतकों की नहीं हुई पहचान
इस घटना में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं. मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जिनमें से चार यात्रियों की मौत हो गई. आधिकारिक तौर पर अभी हादसे के कारण की जानकारी नहीं दी गई है. मृतकों की पहचान भी बाकी है. एक युवक ने बताया उसे इतनी जानकारी मिली है कि कांट रोड पर लडावली गांव के पास एक रोडवेज बस और ट्रैक्टर के बीच हादसा हुआ, इसमें मेरी बहन और भांजे की मौत हो गई है. वे स्टेशन से मुरादाबाद के सदूपुरा गांव में अपने घर आ रहे थे. उन्होंने कहा कि हादसा किसके कारण हुआ है, यह हमें नहीं पता है. अभी सिर्फ यह जानकारी मिली है कि रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी थी.
जिला अस्पताल के डॉक्टर नीरज अग्रवाल ने बताया कि शनिवार सुबह चार लोगों को जिला अस्पताल लाया गया था, इनमें एक बच्चा भी शामिल था. उन्होंने बताया कि चारों लोगों को अस्पताल में मृत अवस्था में ही लाया गया था.
ये वीडियो भी देखिए
मंगलवार को भी हुआ था बड़ा हादसा
इससे पहले मंगलवार को उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चार स्कूली छात्रों की मौत हुई थी. कौशांबी से स्कूली बच्चों को पिकनिक पर लेकर बस आगरा गई थी. मंगलवार को सभी बच्चे वापस लौट रहे थे. इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर बस खड़ी थी, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे के समय बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे.
ये भी पढ़ेंः यूपी के 72 बस अड्डों पर होगी एयरपोर्ट जैसी सुविधा, 11 पर PPP मॉडल पर काम शुरू, जानें मास्टर प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं