Tata Sons vs Tata Trusts: टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के बीच चल रही कानूनी लड़ाई अब और तेज हो गई है. 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक से पहले टाटा संस ने बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की है. कंपनी को आशंका है कि टाटा ट्रस्ट्स इस बैठक या इसमें होने वाले फैसलों के खिलाफ अदालत का रुख कर सकते हैं. ऐसे में टाटा संस ने पहले ही दोनों अदालतों में अपना पक्ष सुनने की मांग की है.
30 नवंबर की बैठक को हाईकोर्ट ने दी मंजूरी
27 नवंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट ने टाटा ट्रस्ट्स की बैठक टालने की मांग पर अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था. जस्टिस अभय आहूजा ने 30 नवंबर की बोर्ड बैठक को आगे बढ़ने की अनुमति दी. हालांकि, बैठक में होने वाले सभी फैसले मामले के अंतिम फैसले के अधीन रहेंगे. चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है. मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी 2027 को होगी.
कैविएट क्यों दाखिल की गई?
कैविएट एक कानूनी नोटिस है, जिसके जरिए अदालत से कहा जाता है कि किसी मामले में दूसरे पक्ष की याचिका पर कोई अंतरिम आदेश देने से पहले कैविएट दाखिल करने वाले पक्ष को भी सुना जाए. टाटा संस ने दोनों अदालतों में कैविएट दाखिल कर यह सुनिश्चित किया है कि अगर टाटा ट्रस्ट्स बैठक या उसके फैसलों के खिलाफ राहत मांगते हैं, तो कंपनी का पक्ष भी सुना जाए.
सितंबर की बैठक में चेयरमैन के वोट पर विवाद
विवाद 17 सितंबर की बोर्ड बैठक से जुड़ा है, जिसमें चेयरमैन के कास्टिंग वोट से एन चंद्रशेखरन को फरवरी 2027 से पांच साल के लिए दोबारा चेयरमैन नियुक्त किया गया था. नोएल टाटा ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था, जबकि वेंणु श्रीनिवासन ने समर्थन किया था. चंद्रशेखरन ने खुद वोट नहीं दिया था और बैठक के कार्यकारी चेयरमैन हरीश मनवानी ने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल किया था.
10 दिसंबर की लिस्टिंग डेडलाइन पर टिकी सबकी नजर
टाटा संस ने हाईकोर्ट में कहा कि 30 नवंबर की बैठक टालने से RBI की 10 दिसंबर की लिस्टिंग प्लान जमा करने की डेडलाइन का पालन करना मुश्किल हो सकता है. कंपनी ने RBI के लिस्टिंग निर्देश को चुनौती नहीं दी है. टाटा संस के मुताबिक, अगर प्रक्रिया में कोई रुकावट नहीं आई तो कंपनी 2027 के आखिरी महीनों तक लिस्ट हो सकती है. हालांकि, लिस्टिंग के लिए शेयरधारकों की मंजूरी भी जरूरी होगी, जिसमें टाटा ट्रस्ट्स की 66% हिस्सेदारी अहम है.
क्या सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे टाटा ट्रस्ट्स?
कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि टाटा ट्रस्ट्स सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकते हैं. एडवोकेट चेराग बलसारा के मुताबिक, बैठक रोकने और किसी खास प्रस्ताव पर रोक लगाने में अंतर है. एडवोकेट सुमेश धवन ने भी कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट तक जा सकता है, हालांकि अपील की औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है.टाटा संस ने जवाब दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय मांगा है. वहीं, टाटा ट्रस्ट्स के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि विवाद नोएल टाटा को लेकर नहीं, बल्कि AoA के आर्टिकल 104B और 121 की व्याख्या और पालन को लेकर है.
यह भी पढ़ें | RBI ने ATM और कार्ड पेमेंट नियमों में किया बड़ा बदलाव, फ्री लिमिट के बाद लगेगा इतना चार्ज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं