- हरदोई जिले में शादीशुदा श्रवण कुमार और उसकी प्रेमिका कुंती ने एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की
- श्रवण की शादी दस साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे तथा पत्नी मौजूद हैं
- श्रवण का अपनी बहन के ससुराल आने-जाने के दौरान कुंती से प्रेम संबंध बन गया था
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शादीशुदा युवक और उसकी प्रेमिका ने घर के एक कमरे में एक ही साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. शनिवार सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों को शक हुआ. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया, तो दोनों के शव फंदे से लटके मिले. इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध कुमार जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
श्रवण कुमार की शादी 10 साल पहले हुई
तीन बच्चों के पिता द्वारा अपनी अविवाहित प्रेमिका के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या करने की यह घटना कछौना थाना क्षेत्र के चौरा गांव की है. चौरा गांव निवासी श्रवण कुमार की शादी करीब 10 वर्ष पहले प्रयागराज के मंसूकपुरवा निवासी रीता से हुई थी. उनके दो बेटे और एक बेटी हैं.
बहन के ससुराल आने-जाने के दौरान कुंती से प्रेम संबंध
उत्तर प्रदेश पुलिस और परिजनों के मुताबिक, श्रवण का अपनी बहन निर्मला के ससुराल (मंगतनपुरवा) आने-जाने के दौरान वहां की रहने वाली कुंती से प्रेम संबंध हो गया था. दोनों के रिश्तों की जानकारी परिवार और ग्रामीणों को भी हो गई थी. दो दिन पहले श्रवण, कुंती से मिलने उसके गांव पहुंचा था, जहां ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया. बाद में ग्राम प्रधान और दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई और उनके बीच समझौता करा दिया गया. इस समझौते के बाद कुंती, श्रवण के साथ उसके घर आ गई.
अवैध संबंध के चलते पति-पत्नी के बीच विवाद
बताया जा रहा है कि इसी दौरान श्रवण की पत्नी भी मायके से वापस घर लौट आई. शुक्रवार रात को पति-पत्नी के बीच इस बात को लेकर काफी विवाद हुआ. विवाद के बाद श्रवण और कुंती एक कमरे में चले गए और उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे में कोई हलचल न होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जब दरवाजा खुलवाया, तो दोनों एक ही साड़ी के फंदे से लटके मिले. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
युवती की उम्र 20 साल
एएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि 27 जून को पुलिस थाना कछौना क्षेत्रांतर्गत ग्राम चौरा (मजरा पतसेनी देहात) में श्रवण (पुत्र जवाहर, उम्र करीब 35 वर्ष) और कुंती (पुत्री सोभरन, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम फतेहपुर, थाना बेनीगंज, जनपद हरदोई) ने अपने घर में फांसी लगा ली. श्रवण विवाहित था और उसके तीन बच्चे व पत्नी हैं. सूचना पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. शवों का नियमानुसार पंचनामा भरकर उन्हें मोर्चरी भेज दिया गया है. मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं