विज्ञापन

उज्जैन में मोहर्रम जुलूस के दौरान फिर बवाल: नई सड़क पर लाठी-डंडे चले, वायरल VIDEO से खुला मामला

उज्जैन के नई सड़क क्षेत्र में मोहर्रम जुलूस के दौरान लाठी-डंडों से हमला होने का वीडियो वायरल हुआ है. पुलिस बिना शिकायत के भी मामले की जांच कर रही है.

उज्जैन में मोहर्रम जुलूस के दौरान फिर बवाल: नई सड़क पर लाठी-डंडे चले, वायरल VIDEO से खुला मामला
उज्जैन में मोहर्रम जुलूस के दौरान बवाल, नई सड़क पर लाठी-डंडे चले; वायरल VIDEO की जांच में जुटी पुलिस

Ujjain Muharram Procession Clash: मध्यप्रदेश के उज्जैन में मोहर्रम जुलूस (Muharram Procession) के दौरान एक बार फिर विवाद की घटना सामने आई है. शहर के नई सड़क क्षेत्र में शुक्रवार रात निकले जुलूस के दौरान कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जुलूस के गुजरने के दौरान कुछ युवक अचानक डंडों के साथ आगे बढ़ते हैं, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है. घटना में कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आई है, हालांकि किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है. खास बात यह है कि घटना के बाद अब तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है. इसके बावजूद पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है. इस बीच मोहर्रम से जुड़े पिछले दिनों हुए अन्य विवादों ने भी सुरक्षा व्यवस्था और जुलूस प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

नई सड़क क्षेत्र में जुलूस के दौरान हंगामा

जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार रात की है, जब मोहर्रम का जुलूस नई सड़क क्षेत्र से गुजर रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ युवक पहले से ही हाथों में डंडे लिए वहां मौजूद थे. जैसे ही जुलूस वहां पहुंचा, अचानक मारपीट शुरू हो गई. इससे जुलूस में शामिल लोगों के बीच भगदड़ और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. कुछ लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए.

Ujjain Muharram Procession Clash: नई सड़क क्षेत्र में विवाद

Ujjain Muharram Procession Clash: नई सड़क क्षेत्र में विवाद
Photo Credit: वायरल वीडियो का स्क्रीन शॉट

कुछ लोग घायल, लेकिन कोई गंभीर नहीं

स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना में एक-दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं. हालांकि किसी गंभीर घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है. घटना के दौरान मौजूद लोगों ने हमलावर युवकों को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वे मौके से भागने में सफल रहे.

Ujjain Muharram Procession Clash: मारपीट का वीडियो वायरल

Ujjain Muharram Procession Clash: मारपीट का वीडियो वायरल
Photo Credit: वायरल वीडियो से स्क्रीन ग्रैब

शिकायत नहीं, फिर भी सक्रिय हुई पुलिस

घटना के बाद अब तक किसी भी पक्ष ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है. इसके बावजूद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर घटना की जांच की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वीडियो फुटेज की भी पड़ताल कर सकती है.

मोहर्रम जुलूस में यह दूसरा विवाद

उज्जैन में मोहर्रम के दौरान यह पहली विवादित घटना नहीं है. इससे पहले 18 जून की रात बेगमबाग क्षेत्र में घोड़ा जुलूस के दौरान भी दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था. उस दौरान भी कहासुनी के बाद लाठी-डंडे चलने की जानकारी सामने आई थी. हाल के दिनों में मोहर्रम जुलूसों के दौरान लगातार सामने आ रही घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है.

बड़नगर में स्टंट का वीडियो भी बना था चर्चा का विषय

इसी बीच उज्जैन जिले के बड़नगर कस्बे से मोहर्रम जुलूस का एक अन्य वीडियो भी व्यापक रूप से वायरल हुआ था. वीडियो में एक टाटा मैजिक वाहन को क्रेन के जरिए लगभग 40 फीट ऊंचाई तक उठाया गया था. वाहन पर कुछ युवक झंडे लहराते दिखाई दिए और बाद में विस्फोट जैसा दृश्य सामने आया, जिससे मौके पर मौजूद लोग चौंक गए. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी.

चार लोगों पर दर्ज हुआ मामला

बड़नगर प्रकरण में पुलिस ने जुलूस आयोजकों शोएब खान, तालीम खान, जहीद खान तथा क्रेन मालिक गोपाल माली के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि जुलूस निकालने की अनुमति दी गई थी, लेकिन किसी वाहन को नुकसान पहुंचाने या विस्फोट जैसी गतिविधियों की अनुमति नहीं थी.

जांच में सामने आई स्टंट की बात

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि वाहन में पारंपरिक विस्फोटक का उपयोग नहीं किया गया था. अधिकारियों के अनुसार कई पटाखा-नुमा रॉकेट एक साथ चलाए गए, जिसके कारण वाहन के भीतर दबाव बना और उसके शीशे व कुछ हिस्से टूट गए. इसी वजह से विस्फोट जैसा दृश्य दिखाई दिया. पुलिस को आशंका है कि भीड़ का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह स्टंट किया गया था.

सुरक्षा व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

नई सड़क की घटना और बड़नगर के वायरल वीडियो के बाद मोहर्रम जुलूसों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल पुलिस दोनों मामलों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : VIDEO: उज्जैन में मोहर्रम के जुलूस में जानलेवा स्टंट, क्रेन से कार लटकाकर आसमान में 40 फीट ऊपर किया ब्लास्ट

यह भी पढ़ें : सिंहस्थ 2028 की तैयारियां: 40 करोड़ श्रद्धालुओं का अनुमान; CM मोहन ने सुनाए किस्से, इस बार उज्जैन में ये होगा

यह भी पढ़ें : चरित्र शंका में उजड़ा पूरा परिवार: मुरैना में पत्नी-दो बेटों की हत्या के बाद पति ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

यह भी पढ़ें : मध्य भारत में है अंग्रेजों के जमाने का इकलौता कॉफी बागान; क्यों खास है कुकरू, CM मोहन के दौरे से जगी उम्मीद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ujjain Muharram Julus, Ujjain Muharram Video, Ujjain News, Madhya Pradesh News, Muharram Procession Violence
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com