विज्ञापन

प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, पत‍ि ने चोर समझ पकड़ा तो गोली मार कर दी हत्‍या

उत्तर प्रदेश के एटा में 9 जून को हुए आशीष हत्याकांड का पुलिस ने 11 दिन बाद खुलासा किया. प्रेमिका से मिलने आए आरोपी ने पकड़े जाने और पिटाई के डर से पति को गोली मार दी थी.

प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, पत‍ि ने चोर समझ पकड़ा तो गोली मार कर दी हत्‍या
एटा: पति ने चोर समझकर पकड़ा, घबराए आशिक ने गोली मारकर की हत्या
NDTV

उत्‍तर प्रदेश के एटा के अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम साडरपुर में 9 जून की रात हुए चर्चित आशीष हत्याकांड का पुलिस ने 11 दिन बाद सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या किसी पुरानी रंजिश या सुनियोजित साजिश के तहत नहीं, बल्कि अचानक बने घटनाक्रम के दौरान हुई थी. प्रेम संबंधों के चलते गांव पहुंचा एक युवक पकड़े जाने और मारपीट के भय से इतना घबरा गया कि उसने तमंचे से गोली चलाकर युवक की हत्या कर दी.

कोतवाली अलीगंज पुलिस, स्वाट टीम और जनपदीय सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी किशोर पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम अमरोली थाना अलीगंज को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं.

पत्नी को शौच कराकर लौट रहे आशीष को लगी गोली

पुलिस के अनुसार 9 जून की रात ग्राम साडरपुर निवासी आशीष पुत्र रनवीर सिंह अपनी पत्नी को शौच के लिए खेतों की ओर लेकर गया था. शौच के बाद दोनों घर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान गांव के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति दिखाई दिया. आशीष की पत्नी आगे घर की ओर चली गई, जबकि आशीष ने उस व्यक्ति को रोक लिया. अंधेरा होने के कारण उसने उसे संदिग्ध समझा और पकड़कर शोर मचाना शुरू कर दिया.

इसी बीच आरोपी ने खुद को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह आशीष की पकड़ से नहीं निकल पाया तो उसने अपने पास मौजूद अवैध तमंचे से गोली चला दी. गोली लगने से आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

महिला से मिलने गांव पहुंचा था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी किशोर शराब के ठेके पर सेल्समैन का काम करता है. उसका ग्राम साडरपुर की एक महिला से अवैध संबंध था और दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती थी. घटना से एक दिन पहले आरोपी और महिला के बीच व्हाट्सएप कॉल पर रात में मिलने की बात हुई थी. 8 जून की रात ठेका बंद करने के बाद आरोपी ने शराब पी और महिला से मिलने साडरपुर पहुंच गया. उसने महिला को कई बार फोन किया, लेकिन महिला ने कॉल रिसीव नहीं की. इसके बाद आरोपी महिला के घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया, लेकिन गेट नहीं खोला गया. महिला से मुलाकात न होने के कारण आरोपी निराश और गुस्से में वापस लौट रहा था.

पहले भी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ चुका था आरोपी

श्वेताभ पाण्डेय अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी किशोर का साडरपुर गांव में पहले से आना-जाना था. कुछ समय पूर्व उसे गांव के लोगों ने एक अन्य महिला के साथ पकड़ लिया था और उसके साथ मारपीट की थी. उसी घटना के बाद से वह अपने साथ अवैध तमंचा रखने लगा था, ताकि किसी भी विवाद की स्थिति में खुद को बचा सके.

पकड़े जाने और पिटाई के डर में चला दी गोली

वापसी के दौरान जब आशीष ने उसे संदिग्ध समझकर पकड़ लिया तो आरोपी को लगा कि एक बार फिर गांव वाले उसे पकड़कर मारपीट करेंगे. उसने खुद को छुड़ाने की काफी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाया. पुलिस के अनुसार इसी भय और घबराहट में आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया. गोली सीधे आशीष को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मृत्यु हो गई.

11 दिन की जांच के बाद खुला हत्याकांड का राज

घटना के बाद कोतवाली अलीगंज में अज्ञात हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जि के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई.

कोतवाली अलीगंज पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल कॉल डिटेल, स्थानीय सूचना तंत्र और गहन पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई. शनिवार को पुलिस ने आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया. 

(एटा से धनंजय सिंह की र‍िपोर्ट)

ये भी पढ़ें: ज‍िस कूनो नेशनल पार्क में आ रहीं राष्ट्रपति मुर्मू, वहां 121 साल पहले सिंधिया ने 1 लाख खर्च कर मंगवाए अफ्रीकी शेर

लेखक के बारे में
img
विश्वनाथ सैनी
उप समाचार संपादक
विश्वनाथ सैनी डिजिटल और प्रिंट मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले पत्रकार हैं. साल 2025 से NDTV में बतौर डिप्टी न्यूज एडिटर 'मध्य प्रदेश-छत्तीस... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com