शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे आगामी 26 से 29 जून तक अपनी पार्टी के बागी सांसदों के संसदीय क्षेत्र का दौरा करने जा रहे हैं. इस दौरान वह पार्टी कार्यकर्ताओं से भी संवाद कर सकते हैं. इन 6 संसदीय क्षेत्रों के दौरे को लेकर उनका पूरा शेड्यूल आ चुका है. उद्धव ठाकरे अपने दौरे में सबसे पहले यवतमाल-वाशिम और होंगली लोकसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे. जबकि 28 जून को वो परभणी और धाराशिव जाएंगे, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मिलेंगे. 29 जून को वो शिरडी चुनाव क्षेत्र जाएंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से बातचीत करेंगे.
एक्शन मोड में है उद्धव ठाकरे
आपको बता दें कि छह सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद ठाकरे पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने के लिए सभी छह चुनाव क्षेत्रों में चार दिन का संपर्क अभियान चलाने जा रहे हैं. शनिवार को वे उत्तर-पूर्व मुंबई चुनाव क्षेत्र का भी दौरा करेंगे और भांडुप व घाटकोपर में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे.
बागियों को दिया है अल्टीमेटम
उद्धव ठाकरे ने पहले ही पार्टी के बागी सांसदों को अल्टीमेटम जारी कर दिया है.पार्टी ने बागियों को उनका स्पष्टीकरण देने के लिए 24 घंटे का समय दिया है. साथ ही उनको सदस्यता छिनने की भी चेतावनी दी गई है.नोटिस में साफ कहा गया है कि अगर तय समय के भीतर जवाब नहीं आता है, तो यह मान लिया जाएगा कि सांसदों ने पार्टी की सदस्यता छोड़ दी है. यह नोटिस शिवसेना यूबीटी के चीफ व्हिप अनिल देसाई ने जारी किया है.
कारण बताओ नोटिस किया गया है जारी
ये 'कारण बताओ' नोटिस सांसदों को 18 जून को दिल्ली में हुई लोकसभा सदस्यों की बैठक में गैरहाजिर रहने को लेकर जारी किया गया है. इसमें लिखा है कि 16 जून को पार्टी का व्हिप जारी हुआ था. जिसमें बैठक को लेकर जानकारी दी गई थी. ये जानकारी सभी को ईमेल, वॉट्सऐप और दिल्ली स्थित आपके आवास पर भेजी गई थी. लेकिन आप लोग इस बैठक में शामिल नहीं हुए. न ही आप लोगों ने नहीं आना की वजह बताई. इसे पार्टी ने बहुत ही गंभीरता से लिया है. यह पार्टी व्हिप का उल्लंघन है. इसलिए यह 'शो-कॉज़' नोटिस जारी किया गया है.
यह भी पढ़ें: टाइगर, कुत्ते की मिसाल, शोले का डायलॉग... शिवसेना स्थापना दिवस पर एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे में तीखी जुबानी जंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं