विज्ञापन

महाराष्ट्र: निर्माणाधीन मारुति मंदिर का छज्जा गिरा, 20 से 25 लोग दबे होने की आशंका, रेस्क्यू जारी

महाराष्ट्र के परभणी जिले के यशवंतवाड़ी देवस्थान में बड़ा हादसा हुआ, जहां निर्माणाधीन मारुति मंदिर का स्लैब गिरने से 20 से 25 लोग मलबे में दब गए. हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है.

  • परभणी जिले में निर्माणाधीन मारुति मंदिर का भारी स्लैब अचानक गिर गया, जिससे कई लोग मलबे में दब गए.
  • स्लैब की लंबाई लगभग पंद्रह फीट और चौड़ाई भी पंद्रह फीट थी, जो अचानक भरभराकर मंदिर परिसर में गिरा.
  • हादसे में लगभग बीस से पच्चीस लोग मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई है.

महाराष्ट्र के परभणी जिले से शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. यहां निर्माणाधीन मारुति (हनुमान) मंदिर का भारी स्लैब (छज्जा) अचानक गिर गया. इस हादसे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया. मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु इसकी जद में आ गए और देखते ही देखते मलबे के नीचे कई लोग दब गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक 20 से 25 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है.

यशवंतवाड़ी देवस्थान में हुआ हादसा

यह हादसा परभणी जिले के मानवट तहसील के पास स्थित यशवंतवाड़ी देवस्थान में हुआ. यहां मारुति मंदिर परिसर में पिछले कई दिनों से निर्माण कार्य चल रहा था. शनिवार होने की वजह से मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा थी, हालांकि भीड़ को देखते हुए उस दिन निर्माण कार्य रोक दिया था. इसके बावजूद लोग उसी परिसर में मौजूद थे.

अचानक गिरा 15 फीट का स्लैब

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 15 फीट लंबा और 15 फीट चौड़ा स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा. स्लैब के नीचे आते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कई लोग मलबे के नीचे दब गए और मदद के लिए चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोग भी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव में जुट गए.

20 से 25 लोगों के दबे होने की आशंका

जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में करीब 20 से 25 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. इनमें से 8 से 10 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. बचाव दल ने अब तक कई घायलों को बाहर निकालकर परभणी जिला सिविल अस्पताल भेजा है. जहां उनका इलाज जारी है. 

कंस्ट्रक्शन की गुणवत्ता पर उठे सवाल

घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. बताया जा रहा है कि यह हिस्सा कई दिनों से बन रहा था, ऐसे में अचानक स्लैब गिरना लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है. प्रशासन अब इस पूरे मामले की जांच की तैयारी में है. फिलहाल स्लैब गिरने की असली वजह सामने नहीं आई है.  

लेखक के बारे में
img
इकबाल परवेज़
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Temple Collapse, Parbhani Crime, Temple Accident, Breaking News Maharashtra, Parbhani Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com