विज्ञापन

यूपी चुनाव 2027: बीजेपी की महाबैठक में मिली जीत की चाबी? अध्यक्ष नितिन नवीन और सीएम योगी रहे शामिल

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर लखनऊ में बीजेपी की अहम बैठक हुई. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने और तीसरी बार प्रचंड बहुमत हासिल करने की रणनीति पर चर्चा हुई.

यूपी चुनाव 2027: बीजेपी की महाबैठक में मिली जीत की चाबी? अध्यक्ष नितिन नवीन और सीएम योगी रहे शामिल

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अभी से अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में एक अहम बैठक हुई. करीब ढाई घंटे तक चली इस बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की.  

ढाई घंटे चली महत्वपूर्ण बैठक

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की. बैठक में प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ सभी मोर्चों के अध्यक्ष और छह क्षेत्रीय अध्यक्ष मौजूद रहे. चर्चा का प्रमुख केंद्र संगठन को और मजबूत बनाना तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी रहा.

जिला और बूथ स्तर पर फोकस

बैठक में पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि चुनावी सफलता का आधार मजबूत बूथ संगठन होता है. इसी को ध्यान में रखते हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिला, मंडल और बूथ स्तर पर ज्यादा से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए. उद्देश्य यह है कि पार्टी की पहुंच हर गांव और हर घर तक सुनिश्चित की जा सके.

'हर मतदाता तक पहुंचना होगा'

नितिन नवीन ने बैठक में नेताओं से कहा कि यदि किसी के दिल में जगह बनानी है तो उसके बीच जाना होगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव प्रवास करने और प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने का आह्वान किया. साथ ही कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं और पार्टी की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच पहुंचाना होगा.

2027 में तीसरी बार जीत का दावा

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भरोसा जताया कि वर्ष 2027 में भी उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ डबल इंजन सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने विकास के कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश को नई पहचान दिलाई है.

विपक्ष पर भी साधा निशाना

नितिन नवीन ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहा है. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें विपक्ष की बातों में उलझने के बजाय जनता के बीच जाकर विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्रमुखता से रखना चाहिए.

संगठन विस्तार पर विशेष जोर

बैठक में आने वाले समय में संगठन की दिशा और कार्ययोजना को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई. पार्टी नेतृत्व ने साफ संकेत दिया कि चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत किया जाएगा. इसके लिए जनसंपर्क अभियान, प्रवास कार्यक्रम और मतदाताओं से सीधे संवाद की रणनीति पर विशेष जोर दिया जाएगा.

धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख

अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा कि प्रभु श्रीराम की भूमि अयोध्या, बाबा काशी विश्वनाथ की नगरी वाराणसी और मथुरा में उन्हें जो सम्मान और स्नेह मिला है, उससे वह अभिभूत हैं. उन्होंने इसे प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और जनता के विश्वास का प्रतीक बताया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Up Election 2027, Yogi Adityanath, Nitin Naveen BJP President, Uttar Pradesh Assembly Election, Double Engine Government
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com