विज्ञापन

जश्न-ए-आजादी की खुशियों के बीच भीषण सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत, कई घायल

आज पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा है. लेकिन इस बीच झारखंड के लातेहार से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है. इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई. जबकि कई अन्य घायल हो गए.

जश्न-ए-आजादी की खुशियों के बीच भीषण सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत, कई घायल
भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत.
लातेहार:

आज पूरा देश जश्न-ए-आजादी की खुशियां मना रहा है. लेकिन इस बीच शनिवार देर शाम झारखंड के लातेहार जिले से एक भीषण हादसे की खबर सामने आई. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार लाहेहार के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत डेटटंगवा घाटी के पास शनिवार को भीषण सड़क हादसा में छह लोगों की मौत हो गई है. मिली जानकारी के अनुसार लोहरदगा की ओर से चंदवा आ रहे एक कंटेनर वाहन ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद सवारी टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और टेंपो कंटेनर के नीचे दब गए. हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

बताया जाता है कि चंदवा की ओर से एक टेंपो और बाइक सवार लोहरदगा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान डेटटंगवा घाटी में सामने से आ रहे कंटेनर ने पहले बाइक को टक्कर मारी. इसके बाद कंटेनर टेंपो से जा टकराया. हादसे के बाद बाइक और टेंपो पूरी तरह कंटेनर के नीचे दब गए. 

बाइक पर सवार महिला, पुरुष और बच्चे की गई जान

स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक पर एक महिला, एक पुरुष और एक बच्चा सवार थे. इनमें महिला और बच्चे की मौत होने की सूचना है. वहीं टेंपो में छह से सात लोग सवार थे, जिनमें से चार लोगों की मौके पर मौत होने की बात सामने आई है. कुल मिलाकर अभी तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. 

मृतकों की संख्या बढ़ने की जताई जा रही आशंका

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. कंटेनर के नीचे दबे टेंपो और बाइक को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली जा रही है. 

कई घायलों की हालत गंभीर

पुलिस और स्थानीय लोग लगातार बचाव कार्य में जुटे हुए हैं. घायलों को इलाज के लिए चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा जा रहा है. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. बताया जाता है कि टेंपो सवार लोग लातेहार थाना क्षेत्र के सांसंग के कोढ़ास क्षेत्र से टेंपो पर सवार होकर लोहरदगा के चपरी जा रहे थे. 

भीषण दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है. पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान कराने में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand Accident, Jharkhand Accident News, Latehar, Latehar News, Latehar Road Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com