- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के रामवापुर तिवारी गांव में एक लड़की और उसके प्रेमी ने पिता की हत्या कर दी.
- मृतक कृष्णा ने अपनी बेटी के प्रेम संबंध का विरोध किया और उसकी शादी कहीं और कराने की कोशिश की.
- कृष्णा ने अपनी बेटी को प्रेमी के साथ नहर किनारे देखा और दोनों को डंडे से पीटना शुरू कर दिया.
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां एक लड़की ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या कर दी. पुलिस ने मामले में लड़की और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि बस्ती में 50 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर उसकी बेटी और उसके प्रेमी ने हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, मृतक अपनी बेटी के प्रेम संबंध का विरोध कर रहा था. पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को रामवापुर तिवारी गांव में हुई.
बेटी को प्रेमी के साथ नहर किनारे देख पीटने लगे थे पिता
मृतक की पहचान कृष्णा के रूप में हुई है. मृतक के भाई काशीराम द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, कृष्णा ने अपनी बेटी को उसके प्रेमी के साथ नहर के पास देख लिया था. इस पर वह कथित तौर पर दोनों को डंडे से पीटने लगा. आरोप है कि दोनों ने कृष्णा से डंडा छीन लिया और उस पर लगे, दरांती से कई बार हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

मृतक की फाइल फोटो.
बेटी की शादी कहीं और करना चाहता था पिता
इसके बाद दोनों उसे घटनास्थल पर बेहोशी की हालत में छोड़कर अपने-अपने घर लौट गए. पुलिस के मुताबिक, कृष्णा इस प्रेम संबंध का विरोध करता था और अपनी बेटी की शादी कहीं और कराने की कोशिश कर रहा था. जब देर रात तक कृष्णा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान उन्हें घटना की जानकारी मिली.
आरोपी लड़की और उसका प्रेमी गिरफ्तार
काशीराम की शिकायत के आधार पर दुबौलिया थाने में FIR दर्ज कर ली गई है. बस्ती के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण प्रेम प्रसंग सामने आया है. उन्होंने कहा, “शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और दोनों आरोपियों, मृतक की बेटी और उसके प्रेमी, को गिरफ्तार कर लिया गया है.”
(बस्ती से सतीश श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं