विज्ञापन

डॉक्टर ही निकला चोर! अस्पताल चलाने के लिए अल्ट्रासाउंड मशीन पर किया हाथ साफ, 46 लाख की मशीन और कार बरामद

गिरफ्तार आरोपी स्वयं एक अस्पताल संचालक है. लोगों का इलाज करने और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति ही लाखों रुपये के मेडिकल उपकरणों की चोरी में शामिल पाया गया, जिससे हर कोई हैरान है.

डॉक्टर ही निकला चोर! अस्पताल चलाने के लिए अल्ट्रासाउंड मशीन पर किया हाथ साफ, 46 लाख की मशीन और कार बरामद
उपकरण चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
NDTV
  • बस्ती में पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर करोड़ों के मेडिकल उपकरण चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया.
  • गिरफ्तार आरोपी विपिन एक डॉक्टर और अस्पताल संचालक है, जिसने 46 लाख मूल्य की अल्ट्रासाउंड मशीनें चोरी कीं.
  • पुलिस ने चोरी की दो अल्ट्रासाउंड मशीनें और बिना नंबर प्लेट वाली वैगनआर कार बरामद की है.

यूपी के बस्ती से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कप्तानगंज पुलिस और सर्विलांस टीम ने एक अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए करोड़ों रुपये के मेडिकल उपकरण चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 46 लाख रुपये मूल्य की दो अल्ट्रासाउंड मशीनें और वारदात में इस्तेमाल की गई एक बिना नंबर प्लेट की वैगनआर कार बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान विपिन पांडेय के रूप में हुई है, जो पेशे से डॉक्टर है और विक्रमजोत क्षेत्र में एक अस्पताल का संचालन करता है.

मामले की शुरुआत 23 सितंबर की रात हुई थी, जब कप्तानगंज कस्बे स्थित सत्या पैथोलॉजी में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर अल्ट्रासाउंड मशीन, लैपटॉप, अन्य तकनीकी उपकरण और नकदी चोरी कर ली थी. इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कप्तानगंज थाने और सर्विलांस टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी. तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने सुराग जुटाए और बिहरा मोड़ के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे विपिन पांडेय को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 46 लाख रुपये मूल्य की दो अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीनें बरामद की. इनमें एक मशीन बस्ती के कप्तानगंज से चोरी की गई थी, जबकि दूसरी मशीन लखनऊ के नखास क्षेत्र से चोरी हुई थी.

Latest and Breaking News on NDTV

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने बी-फार्मा की पढ़ाई की है और वह केवल बस्ती ही नहीं, बल्कि राजधानी लखनऊ में भी इसी तरह की चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मेडिकल क्षेत्र से जुड़ा होने के बावजूद महंगे चिकित्सीय उपकरणों की चोरी के संगठित नेटवर्क का हिस्सा था. मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि गिरफ्तार आरोपी स्वयं एक अस्पताल संचालक है. लोगों का इलाज करने और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति ही लाखों रुपये के मेडिकल उपकरणों की चोरी में शामिल पाया गया, जिससे हर कोई हैरान है. फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की गई मशीनों को कहां और किसे बेचा जाना था.

क्षेत्राधिकारी (डीएसपी) बृजेश सिंह ने बताया कि 23 सितंबर की रात कप्तानगंज स्थित सत्या पैथोलॉजी में चोरी की घटना हुई थी. इसी तरह की एक अन्य घटना 16 अक्टूबर को लखनऊ के नखास थाना क्षेत्र में भी सामने आई थी. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सर्विलांस टीम और कप्तानगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर मामले का सफल खुलासा किया है.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विपिन पांडेय के कब्जे से कप्तानगंज से चोरी हुई लगभग 8 लाख रुपये मूल्य की अल्ट्रासाउंड मशीन और लखनऊ से चोरी हुई लगभग 38 लाख रुपये मूल्य की दूसरी अल्ट्रासाउंड मशीन बरामद की गई है. इस मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी और बाकी सामान की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.

सतीश श्रीवास्तव की रिपोर्ट

ये भी पढे़ं : कैंसर की 11 हजार की दवा 1.30 लाख में मिलने पर SC, 'इस लूट का कोई उचित कारण बता सकते हैं..' फैसला सुरक्षित

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Crime News, Basti News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com