विज्ञापन

गोरखपुर में ट्रि‍पल मर्डर से सनसनी, नाबालिग ने बड़े भाई, भाभी और भतीजे की धारदार हथियार से की हत्‍या; आधी रात में काटा गला

यूपी के गोरखपुर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. बीती रात 16 साल के नाबालिग भाई ने बड़े भाई, भाभी और तीन साल के मासूम भतीजे को धारदार हथियार से वार कर सोते समय बेरहमी से मार डाला.

गोरखपुर में ट्रि‍पल मर्डर से सनसनी, नाबालिग ने बड़े भाई, भाभी और भतीजे की धारदार हथियार से की हत्‍या; आधी रात में काटा गला

यूपी के गोरखपुर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. बीती रात 16 साल के नाबालिग भाई ने बड़े भाई, भाभी और तीन साल के मासूम भतीजे को धारदार हथियार से वार कर सोते समय बेरहमी से मार डाला. मृतक की मासूम बेटी ने पुलिस के आलाधिकारियों को गवाही देते हुए बताया कि चाचा ने पापा, मम्‍मी और छोटे भाई को मार दिया. उसके बाद उसने दादी को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आलाकत्‍ल बरामद कर लिया है. मृतक के पिता ने बताया कि पांच लाख रुपए के लिए छोटे बेटे ने वारदात को अंजाम दिया है.

गोरखपुर के बांसगांव थानाक्षेत्र के बांसगांव कस्‍बे में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां पारिवारिक विवाद में रविवार/सोमवार 21-22 जून की देर रात ढाई बजे के करीब 16 वर्षीय छोटे भाई ने अपने बड़े भाई अमित गुप्‍ता (35 वर्ष), भाभी रंजना गुप्‍ता (28 वर्ष) और उनके मासूम बच्चे रेयांश (3 वर्ष) की धारदार हथियार से हत्या कर दी. इस तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

घटना रविवार देर रात करीब 3 बजे की है. जब तीनों एक ही कमरे में सो रहे थे. इसी दौरान आरोपी छोटे भाई ने धारदार हथियार से हमला कर तीनों की हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की.

मृतक की बेटी 7 वर्षीय रूबिका ने बताया कि कमरे में वो मम्‍मी-पापा के साथ सो रही थी. इसी के बाद आरोपी चाचा कमरे में आया. उसने पापा, मम्‍मी और भाई को मार डाला. उसने बताया कि उसने चाचा को मना किया कि वो उसकी मम्‍मी और उसके छोटे भाई को नहीं मारे, लेकिन वो नहीं माना और दोनों का गला काट दिया. इसके पहले उसने पापा को मार डाला. इसके बाद उसने अम्‍मा (दादी) को घटना के बारे में जानकारी दी.

मृतक अमित गुप्‍ता कुछ साल विदेश में भी काम करने के लिए गया था. वापस लौटा तो कस्‍बे में ही परचून की दुकान चलाता था. मृतक अमित गुप्‍ता के पिता हरिलाल गुप्‍ता ने बताया कि आरोपी ने दो महीने पहले उन्‍हें और उनकी पत्‍नी को मारा था. उसने 5 लाख रुपए देने की बात कही थी. पांच लाख रुपए देने की स्थिति में वे नहीं थे. उन्‍होंने इसकी शिकायत थाने पर की. थाने से पुलिसवाले आकर समझाकर चले जाते थे. वो कह देता था कि दोबारा नहीं होगा. प्रशासन ने कोई एक्‍शन नहीं लिया. ढाई बजे रात में पोती भाग कर आई, उसने घटना के बारे में बताया. इसके बाद 112 पर पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी. उसके बाद पुलिसवाले और अधिकारी आए.

गोरखपुर के एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि रविवार/सोमवार 22 जून को भोर में 3 बजे के करीब ये सूचना मिली कि बांसगांव थानाक्षेत्र के बांसगांव कस्‍बे में एक व्‍यक्ति के द्वारा परिवारीजनों की हत्‍या कर दी गई है. इस सूचना पर तत्‍काल थाना पुलिस और अन्‍य अधिकारियों के द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया. फोरेंसिक टीम ने साक्ष्‍य संकलन किया. मौके मुआयने के बाद पाया गया कि बंद कमरे के अंदर अमित गुप्‍ता, उनकी पत्‍नी रंजना गुप्‍ता और 3 साल के रेयांश गुप्‍ता की बॉडी पड़ी हुई है. उन्‍होंने बताया कि इनके शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आरंभिक जांच में पाया गया कि घटना मृतक के छोटे भाई के द्वारा अंजाम दी गई है. उसे हिरासत में ले लिया गया है. पूछताछ के बाद आलाकत्‍ल भी बरामद कर लिया गया है. मृतक के पिता के द्वारा दी गई तहरीर के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है. विवेचना जारी है.   


 

लेखक के बारे में
img
अबरार अहमद
Reporter
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gorakhpur Triple Murder, Gorakhpur News, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com