Airtel ने अपने प्रीपेड रिचार्ज प्लान में बड़ा बदलाव किया है. कंपनी ने डेली डेटा देने वाले कई पुराने प्लान हटा दिए हैं. अब Airtel के डेली डेटा वाले अनलिमिटेड प्लान की शुरुआत 349 रुपये से हो रही है. इस प्लान में हर दिन 2GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है. इस बदलाव के बाद 1GB और 1.5GB रोजाना डेटा वाले कई पुराने रिचार्ज प्लान अब यूजर्स को उपलब्ध नहीं दिख रहे हैं. 349 रुपये वाला प्लान फिलहाल Airtel का शुरुआती अनलिमिटेड 5G डेटा प्लान भी है.
Airtel ने बदला डेली डेटा प्लान का पोर्टफोलियो
पहले Airtel के प्रीपेड पोर्टफोलियो में 1GB और 1.5GB रोजाना डेटा वाले कई रिचार्ज मौजूद थे. इनमें 299 रुपये का 28 दिन वाला 1.5GB प्रतिदिन प्लान, 319 रुपये का 1 महीने वाला प्लान और 579 रुपये का 56 दिन वाला प्लान शामिल था. इसके अलावा 619 रुपये में 60 दिन के लिए 1.5GB प्रतिदिन, 649 रुपये में 56 दिन के लिए 2GB प्रतिदिन, 799 रुपये में 77 दिन के लिए 1.5GB प्रतिदिन और 929 रुपये में 90 दिन के लिए 1.5GB प्रतिदिन डेटा मिलता था.

इनमें से कई प्लान अब Airtel की लिस्ट में उपलब्ध नहीं दिख रहे हैं. 799 रुपये और 859 रुपये वाले अनलिमिटेड प्लान को कंपनी अप्रैल 2026 के आसपास ही हटा चुकी थी.
349 रुपये वाले Airtel प्लान में क्या मिलेगा?
Airtel का 349 रुपये वाला रिचार्ज अब डेली डेटा प्लान की नई शुरुआती कीमत है. इस प्लान की वैलिडिटी 28 दिन है. इसमें यूजर्स को हर दिन 2GB डेटा मिलता है. इसके साथ अनलिमिटेड लोकल और STD कॉलिंग तथा रोजाना 100 SMS भी मिलते हैं. रोजाना मिलने वाला हाई-स्पीड डेटा खत्म होने के बाद इंटरनेट की स्पीड घटकर अधिकतम 64 Kbps हो जाती है.
ये भी पढ़ें- बरसात में कपड़े सुखाने का झंझट खत्म! Haier की नई वॉशिंग मशीन AI वॉश के साथ लॉन्च, जानें कीमत
इस प्लान में अनलिमिटेड 5G डेटा का फायदा भी मिलता है. इसके अलावा Airtel रिवॉर्ड्स के तहत 12 महीने के लिए करीब 4,000 रुपये की कीमत वाला Adobe Express Premium सब्सक्रिप्शन दिया जा रहा है. यूजर्स को 6 महीने का Apple Music सब्सक्रिप्शन और फ्री Hellotunes भी मिलते हैं. इसके साथ सेफ नेटवर्क सुविधा भी दी गई है, जो फ्रॉड लिंक को ब्लॉक करने और स्पैम कॉल, SMS तथा संदिग्ध बैंक OTP से जुड़े रियल टाइम अलर्ट देने में मदद करती है.
899 रुपये वाले प्लान में 1.5GB डेटा रोज
Airtel के पोर्टफोलियो में 899 रुपये का प्रीपेड प्लान भी मौजूद है. इस रिचार्ज में 84 दिनों की वैलिडिटी मिलती है. यूजर्स को हर दिन 1.5GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है. इसके साथ अनलिमिटेड लोकल, STD और नेशनल रोमिंग कॉलिंग तथा रोजाना 100 SMS दिए जाते हैं. डेली डेटा खत्म होने के बाद इंटरनेट की स्पीड 64 Kbps रह जाती है. इस प्लान के साथ यूजर्स को फ्री Hellotunes का फायदा भी मिलता है. इसके तहत हर 30 दिन में एक बार हेलोट्यून सेट की जा सकती है.
अनलिमिटेड 5G के लिए इन बातों का रखें ध्यान
349 रुपये वाले प्लान में अनलिमिटेड 5G डेटा दिया जा रहा है, लेकिन इसका फायदा लेने के लिए कुछ शर्तें पूरी करनी होंगी. यूजर के पास 5G सपोर्ट वाला स्मार्टफोन होना चाहिए और वह Airtel के 5G नेटवर्क से जुड़ा होना चाहिए. अनलिमिटेड 5G का फायदा सिर्फ एलिजिबल रिचार्ज और 5G नेटवर्क की उपलब्धता के आधार पर मिलेगा. इसलिए सिर्फ 349 रुपये का रिचार्ज करने से हर जगह अनलिमिटेड 5G मिलना जरूरी नहीं है.
Airtel के प्लान हर सर्कल में एक जैसे नहीं
Airtel ने अपने प्रीपेड प्लान में बदलाव अपनी वेबसाइट और Airtel Thanks App जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया है. हालांकि किसी प्लान की उपलब्धता और उसके फायदे टेलीकॉम सर्कल और मोबाइल नंबर के हिसाब से अलग हो सकते हैं. रिचार्ज करने से पहले अपने नंबर पर उपलब्ध प्लान और उसके बेनिफिट्स जरूर चेक लें.
ये भी पढ़ें- 7000mAh की बैटरी और 144Hz स्क्रीन.. realme 16x 5G लॉन्च, अभी लेने पर इतने हजार की छूट, जानें कीमत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं