- IAS आर्तिका शुक्ला वर्तमान में अलवर जिले की DM हैं. उनके खिलाफ वन मंत्री संजय शर्मा ने गंभीर आरोप लगाए हैं
- सफाईकर्मी भर्ती में 329 अभ्यर्थियों की नियुक्ति रुकने पर मंत्री संजय शर्मा ने धरना शुरू किया है
- मंत्री ने आरोप लगाया कि कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त अभ्यर्थियों को छह-सात महीनों से गुमराह कर रहे हैं
IAS Artika Shukla Collector Alwar: भारतीय प्रशासनिक सेवा की चर्चित आईएएस अधिकारी व यूपीएससी टॉपर आर्तिका शुक्ला फिर चर्चा में है. राजस्थान कैडर में 2016 बैच की अफसर आर्तिका शुक्ला अभी अलवर जिला कलेक्टर पर सेवाएं दे रही हैं. उनके खिलाफ राजस्थान सरकार के वन मंत्री संजय शर्मा ने मोर्चा खोला है. शुक्ला कभी अपनी दोस्त टीना डाबी के साथ यूपीएससी 2015 में टॉप करने और फिर टॉपर से शादी करने को लेकर सुर्खियों में रहीं. अब उन पर मंत्री ने गंभीर आरोप लगाए हैं.
दरअसल, वर्ष 2012 से लंबित चल रही सफाईकर्मियों की भर्ती में पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र न मिलने से नाराज मंत्री संजय शर्मा बुधवार को नगर निगम कार्यालय में अभ्यर्थियों के साथ धरने पर बैठ गए. उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार की ओर से इस मामले में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान धरनास्थल पर मंत्री ने जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला और नगर निगम आयुक्त पर कई गंभीर आरोप लगाए, जिससे प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है.
मंत्री संजय शर्मा क्यों दे रहे धरना?
पूरा मामला वर्ष 2012 की सफाईकर्मी भर्ती से जुड़ा है, जिसमें अलवर के 329 अभ्यर्थियों की नियुक्ति अटक गई थी. अभ्यर्थियों के पक्ष में हाईकोर्ट का फैसला आने के बाद भी विभागीय अधिकारी लगातार टालमटोल कर रहे थे. धरने पर बैठे वन मंत्री संजय शर्मा ने आरोप लगाया कि अलवर जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला और निगम आयुक्त पिछले छह-सात महीनों से अभ्यर्थियों को गुमराह कर रहे हैं.
अगर मंत्री अपनी ही सरकार के घोटालों के खिलाफ धरने पर बैठ जाए, तो सोचिए.. सरकार में भाजपाई भ्रष्टाचार का आलम क्या है।
— Govind Singh Dotasra (@GovindDotasra) August 12, 2026
जब मंत्री स्वयं ब्यूरोक्रेसी पर बेईमानी करने, लूटकर खाने एवं मानमानी करने जैसे गंभीर आरोप लगा रहे हैं.. तो सोचिए अराजकता की स्थिति कितनी भयावह है।
अलवर में सफाई…
मंत्री के अनुसार स्वायत्त शासन विभाग ने 329 अभ्यर्थियों को पात्र माना था, लेकिन स्थानीय प्रशासन बार-बार आपत्तियां लगाकर मामले को लटकाता रहा. अधिकारियों ने पात्र अभ्यर्थियों की संख्या को लेकर लगातार बयान बदले—पहले जांच की बात कही, फिर 100, फिर 87 और अंत में 69 अभ्यर्थियों को पात्र बताया गया. मंत्री का आरोप है कि कलेक्टर की मंशा नियुक्ति पत्र देने की नहीं है और उनका रवैया तानाशाही पूर्ण है. मंत्री ने कहा, "कलेक्टर का व्यवहार ऐसा था मानो वे राजा हों और हम प्रजा."
इसके अलावा मंत्री ने कलेक्टर पर जिला प्रमुख का भी लगातार अपमान करने का आरोप लगाया. इस विवाद के बीच नगर निगम कार्यालय में राजनीतिक माहौल भी गरमा गया, जहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और भिड़ंत हो गई, जिसे पुलिस ने बीच-बचाव कर शांत कराया.

IAS आर्तिका शुक्ला का जीवन परिचय
विवादों के केंद्र में आईं अलवर की जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी की रहने वाली हैं.
पारिवारिक पृष्ठभूमि: आर्तिका का जन्म एक शिक्षित परिवार में हुआ. उनकी मां लीना शुक्ला गृहणी हैं और पिता बृजेश शुक्ला पेशे से चिकित्सक हैं. उनके दो बड़े भाई उत्कर्ष शुक्ला और गौरव शुक्ला हैं. गौरव शुक्ला ने वर्ष 2012 में यूपीएससी परीक्षा सफलतापूर्वक पास की थी, जबकि दूसरे भाई इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस (IRTS) में अधिकारी हैं.
शिक्षा और डॉक्टरी का सफर: आर्तिका की शुरुआती पढ़ाई दिल्ली के सेंट जॉन्स स्कूल से हुई. बचपन से ही मेधावी आर्तिका ने अपने पिता से प्रेरित होकर डॉक्टर बनने का सपना देखा. उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज से MBBS की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद PGIMER से MD का कोर्स शुरू किया.
UPSC में शानदार सफलता: अपने भाइयों से प्रेरणा लेकर आर्तिका ने सिविल सेवा की ओर रुख किया. महज एक साल की कड़ी तैयारी के बाद उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2015 में ऑल इंडिया 4th रैंक (AIR 4) हासिल कर देश भर में नाम रोशन किया.
व्यक्तिगत जीवन एवं कैडर: IAS आर्तिका शुक्ला की शादी वर्ष 2015 की ही UPSC परीक्षा में AIR 3 हासिल करने वाले IAS जसमीत संधू से हुई है. वर्ष 2017 में शादी के बाद आर्तिका को राजस्थान कैडर आवंटित हुआ (इससे पहले वे केंद्र शासित प्रदेश कैडर में थीं) और तब से दोनों पति-पत्नी राजस्थान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं