- ग्रेटर नोएडा के बीटा टू थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एंडेवर कार का सड़क हादसा हुआ जिसमें दो लोग घायल हुए.
- हादसा सेक्टर अल्फा-2 में उस समय हुआ जब एंडेवर कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकराई और अनियंत्रित हो गई.
- अनियंत्रित कार सड़क किनारे बैठे दो गाड़ियों की खरीद-बिक्री करने वाले लोगों को टक्कर मारते हुए जा भिड़ी.
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के बीटा टू थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर अल्फा-2 में एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जिसमें दो लोग घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार एंडेवर कार सेक्टर की ओर से आ रही थी. मोड़ पर सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एंडेवर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी अनियंत्रित हो गई.
अनियंत्रित एंडेवर कार सीधे सड़क किनारे बैठे दो लोगों को टक्कर मारते हुए जा भिड़ी. यह दोनों व्यक्ति गाड़ियों की खरीद-बिक्री का काम करते हैं और घटना के समय एक पेड़ के नीचे कुर्सियों पर बैठे हुए थे. हादसे की चपेट में आने से दोनों घायल हो गए. हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घटना के बाद अनियंत्रित एंडेवर कार आगे बढ़कर वहां खड़ी एक बलेनो कार से भी टकरा गई और कुछ दूरी पर जाकर रुक गई. पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में टक्कर के बाद का भयावह मंजर साफ देखा जा सकता है, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों हादसाग्रस्त गाड़ियों को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की जांच कर रही है.
येे भी पढ़ें : गुजरात में दर्दनाक हादसा, मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन मासूम बच्चों की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं