विज्ञापन

गुजरात में दर्दनाक हादसा, मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन मासूम बच्चों की मौत

गुजरात के मेहसाणा जिले के शोभासन गांव में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां रेलवे ट्रैक पार करते समय एक तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई. 

गुजरात में दर्दनाक हादसा, मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन मासूम बच्चों की मौत
  • गुजरात के मेहसाणा में रेलवे ट्रैक पार करते समय तीन बच्चों की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हुई
  • हादसा शाम करीब साढ़े चार बजे ठाकोर वास इलाके के तीन किशोरों के रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हुआ था
  • मृतक बच्चे जिग्नेश, मौलिकजी और युवराज सभी दोस्त थे और कक्षा नौवीं और ग्यारहवीं के छात्र थे

गुजरात के मेहसाणा जिले से एक बेहद ही हृदयविदारक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहां शोभासन गांव के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय एक मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस भीषण हादसे के बाद से पूरे जिले में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

शाम के वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह दुखद घटना शाम के करीब 4:26 बजे घटित हुई. शोभासन गांव के 'ठाकोर वास' इलाके के रहने वाले तीन किशोर किसी काम से बाहर निकले थे. जब वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी अचानक वहां से गुजरी एक तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गए. रफ्तार इतनी तेज थी कि तीनों बच्चों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

मृतक बच्चों की पहचान

एक ही गांव के तीन होनहार और लाडले बेटों की असमय मौत से पूरे ठाकोर वास सहित पूरे गांव में मातम छा गया है. परिजनों के चीखने-चिल्लाने से पूरे इलाके का माहौल बेहद गमगीन हो गया है. इस भयानक हादसे में जान गंवाने वाले तीनों बच्चे आपस में दोस्त थे और पढ़ाई कर रहे थे. मृतकों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है.

1 जिग्नेश हमीरजी ठाकोर (उम्र 15 वर्ष): कक्षा 11वीं का छात्र, शोभासन गांव.
2 मौलिकजी फतेहसिंह ठाकोर (उम्र 16 वर्ष): कक्षा 11वीं का छात्र, शोभासन गांव.
3 युवराज रणजीतजी ठाकोर (उम्र 14 वर्ष): कक्षा 9वीं का छात्र, शोभासन गांव.

पुलिस की कार्रवाई और जांच शुरू

हादसे की चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस का काफिला भी तुरंत मौके पर पहुंचा. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए तीनों किशोरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने इस दुखद हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी व तकनीकी कार्रवाई शुरू कर दी है.

-रावल अपूर्व कांजीभाई की र‍िपोर्ट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com