सुल्तानपुर जिले के रामनगर कोट गांव से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है. यहां बाल झड़ने की समस्या से परेशान एक 15 वर्षीय किशोरी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. परिवार के अनुसार किशोरी लंबे समय से इस समस्या से जूझ रही थी और इलाज के बावजूद उसे कोई राहत नहीं मिल रही थी. बाल पूरी तरह झड़ जाने के कारण वह मानसिक तनाव में रहती थी और लोगों के बीच जाने में झिझक महसूस करती थी. घटना वाले दिन वह घर से बकरी चराने निकली थी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटी. बाद में गांव के एक बाग में उसका शव मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया.
बकरी चराने निकली थी, फिर नहीं लौटी
यह घटना सुल्तानपुर जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के रामनगर कोट गांव की है. मृतका की पहचान 15 वर्षीय मोनी उर्फ प्रिया निषाद के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, प्रिया रोजमर्रा की तरह बकरी चराने के लिए घर से निकली थी. जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान गांव के एक बाग में उसका शव फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए.
आज दिनांक 12 अगस्त को थाना कोतवाली नगर के ग्राम रामनगर कोट के क्षेत्रांतर्गत पुलिस को सूचना मिली कि एक बालिका जिसकी उम्र करीब 15 वर्ष है, ने बाग में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उक्त सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम के द्वारा घटनास्थल का… pic.twitter.com/4OFNlEPFwV
— SULTANPUR POLICE (@sultanpurpolice) August 12, 2026
बाल झड़ने की समस्या से थी परेशान
प्रिया के पिता उदयराज निषाद ने बताया कि उनकी बेटी काफी समय से बाल झड़ने की गंभीर समस्या से जूझ रही थी. उनके अनुसार, सिर के बाल लगभग पूरी तरह झड़ जाने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी. लोगों के सामने जाने में उसे संकोच होता था और इसी वजह से वह अक्सर टोपी पहनकर रहती थी. परिवार ने उसका इलाज भी कराया, लेकिन कोई विशेष लाभ नहीं मिला. परिजनों का कहना है कि दवा लेने के बाद कई बार उसके सिर में दर्द बढ़ जाता था, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई थी.
साधारण परिवार की जिम्मेदार बेटी थी प्रिया
प्रिया पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी. उसने गांव के प्राथमिक विद्यालय में पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी. परिवार में उसकी बहनें अंतिमा, सपना और ममता हैं, जबकि एक भाई सरवन है. पिता उदयराज मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. परिवार पहले से ही आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी मुश्किलों का सामना कर रहा है. घर की एक सदस्य शारदा देवी किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं और उनका डायलिसिस चल रहा है. ऐसे में प्रिया की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है.
पिता ने कहा - बेटी लंबे समय से तनाव में थी
मृतका के पिता उदयराज निषाद ने बताया कि बेटी लंबे समय से बाल झड़ने की समस्या के कारण तनाव में थी. परिवार का कहना है कि उसकी चिकित्सा कराई जा रही थी, लेकिन लगातार इलाज के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई. इसी वजह से वह अक्सर उदास रहती थी और लोगों के सामने अपने सिर को ढककर रखती थी.
पुलिस और फील्ड टीम ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए. शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
पुलिस ने क्या कहा- अवसाद में रहती थी बालिका
नगर क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह ने NDTV को बताया कि दिनांक 12 अगस्त को थाना कोतवाली नगर के ग्राम रामनगर कोट के क्षेत्रांतर्गत पुलिस को सूचना मिली कि एक बालिका जिसकी उम्र करीब 15 वर्ष है, ने बाग में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. प्रारंभिक जांच से यह पता चला कि मृतका पांच भाई-बहनों में से तीसरे नंबर की थी. जिसके 4-5 साल पहले किसी अज्ञात बीमारी के कारण सिर के बाल झड़ गए थे पूरी तरह से, जिससे वो अवसाद में रहती थी. 5-6 महीने से उसका घरेलू उपचार चल रहा था. आज पीड़िता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. मौके पर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है, शांति व्यवस्था कायम है.
यह भी पढ़ें : खंभे में उल्टा बांधकर पीटा; बलरामपुर में गुहार लगाता रहा दलित, हुई मौत, SC/ST एक्ट में केस दर्ज
यह भी पढ़ें : मेरठ में आवारा कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला; सुबह खेत के लिए निकले... अब कभी नहीं लौटेंगे, किसान का मिला शव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं