विज्ञापन

खंभे में उल्टा बांधकर पीटा; बलरामपुर में गुहार लगाता रहा दलित, हत्या का आरोप, SC/ST एक्ट में केस दर्ज

बलरामपुर के गैसड़ी क्षेत्र में 38 वर्षीय राम सनेही शिल्पकार की मौत के मामले में हत्या और SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सच सामने लाने की कोशिश की जा रही है.

खंभे में उल्टा बांधकर पीटा; बलरामपुर में गुहार लगाता रहा दलित, हत्या का आरोप, SC/ST एक्ट में केस दर्ज
बलरामपुर में दलित युवक की पिटाई से मौत, वायरल वीडियो के बाद हत्या का केस दर्ज
File Photo
बलरामपुर:

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में एक दलित युवक की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के ठकुरापुर गांव में 38 वर्षीय राम सनेही शिल्पकार की कथित पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. वायरल वीडियो में एक युवक राम सनेही को खंभे से बांधकर लाठी से पीटता दिखाई दे रहा है, जबकि पीड़ित रहम की गुहार लगाता सुनाई देता है. परिजनों का आरोप है कि दबंगों ने बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी. वहीं आरोपी पक्ष का दावा है कि राम सनेही चोरी की नीयत से वहां पहुंचा था. पुलिस ने मामले में हत्या और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

वायरल वीडियो से खुला मामला

यह मामला बलरामपुर के गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के ठकुरापुर गांव का है. मृतक की पहचान विशुनपुर कलां निवासी 38 वर्षीय राम सनेही शिल्पकार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, राम सनेही मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था. उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी और वह अपने भाइयों के साथ रहता था. बुधवार को एक 33 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में राम सनेही को खंभे से बांधकर पीटते हुए देखा जा सकता है. बताया जा रहा है कि इसी वीडियो के सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ लिया.

भाई ने वीडियो को बनाया सबूत

मृतक के भाई फूल कुमार ने बताया कि किसी व्यक्ति ने यह वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया था. जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने वीडियो डाउनलोड किया और इसे सबूत के तौर पर पुलिस को सौंप दिया. फूल कुमार का आरोप है कि ठकुरापुर निवासी गुड्डू, उसके पिता अकबर अली, मग्घे नाऊ और उनके साथियों ने राम सनेही की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

क्या है आरोपी पक्ष का दावा?

मामले में आरोपी पक्ष का कहना है कि राम सनेही चोरी करने के इरादे से वहां पहुंचा था. इसके बाद उसे पकड़ लिया गया और लोगों ने उसकी पिटाई कर दी. हालांकि यह दावा जांच का विषय है और पुलिस सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है.

वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज

वायरल वीडियो और परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले में हत्या और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं. सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है.

पुलिस ने कहा- तथ्यों के आधार पर करेंगे आगे की कार्रवाई

गैसड़ी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार पांडेय ने बताया कि "युवक की हत्या के मामले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में युवक के चोरी की नीयत से वहां जाने की बात सामने आई है. लोगों ने उसे पकड़ने के बाद पीटा था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी."

यह भी पढ़ें : कोरिया में पत्नी पर हैवानियत: मुंडन कर चेहरे पर पोती कालिख, जबरन पेशाब पिलाने का आरोप; पति गिरफ्तार

यह भी पढ़ें : प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, ग्रामीणों ने पकड़कर की बेरहमी से पिटाई; कानपुर में प्यार करने पर 'तालिबानी सजा'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Balrampur News, Dalit Man Death, Viral Video, SC ST Act, Uttar Pradesh Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com