उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ने लगी है. गुरुवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रायबरेली ने PDA यात्रा का आगाज किया. अखिलेश की इस यात्रा में बड़ी संख्या में सपा समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद थे. लेकिन कांग्रेस के गढ़ से अखिलेश की यात्रा शुरू करने से यूपी-सपा गठबंधन को लेकर कई तरह की चर्चा शुरू हो गई है. सियासी जानकारों का कहना है कि अखिलेश ने रायबरेली से इस यात्रा की शुरुआत कर यह संदेश दिया कि बड़े भाई की भूमिका में समाजवादी पार्टी है. इस बीच अखिलेश के रायबरेली दौरे पर कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के बयान सामने आए.
अजय राय ने कहा, 'चुनाव का समय है, कोई भी कहीं भी जा सकता है. अगर अखिलेश यादव रायबरेली-अमेठी जा सकते हैं, तो हम भी कन्नौज, मैनपुरी और सैफई जा सकते हैं. इसमें कोई नई बात नहीं है.' कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम भी अजय राय के बयान को आगे बढ़ाते नजर आए. उन्होंने यहां तक कहा- बड़े भाई हम हैं, यह सर्वविदित है.
'कांग्रेस बड़ा भाई, लेकिन चुनाव जीतने के लिए सपा को कह सकते हैं बड़ा भाई'
यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने NDTV से कहा कि कांग्रेस स्वाभाविक तौर पर बड़ा भाई है. सपा से गठबंधन में कांग्रेस की भूमिका बड़े भाई वाली है. ऐसे में कांग्रेस को सम्मानजनक सीट चाहिए. हालांकि सपा के प्रति कुछ नरमी दिखाते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए हमें सपा को बड़ा भाई कहना पड़े तो हम कहने को तैयार हैं. हालांकि सम्मानजनक सीटें कांग्रेस को मिलनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि सीटों के बंटवारे का मामला पार्टी का आलाकमान तय करेगा. हमारा लक्ष्य यूपी में 300 सीटें जीतने का है.
सीएम फेस अखिलेश, 2029 में राहुल गांधी होंगे पीएम फेसः राजेंद्र पाल गौतम
गौतम ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव ही इंडिया अलायन्स में मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे. लेकिन लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी पीएम का चेहरा बनेंगे. दरअसल कांग्रेस के नेता शुक्रवार को लखनऊ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का विरोध कर रहे थे. इस दौरान राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, 'RSS, BJP देशद्रोह कर रही है. आज नहीं तो कल ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का केस चलेगा और ये लोग जेल जाएंगे. देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी.'
हर किसी को अपनी पार्टी को मजबूत करने का अधिकारः राजेंद्र पाल गौतम
अखिलेश की रायबरेली से PDA यात्रा की शुरुआत पर उन्होंने कहा कि हर किसी को अपनी पार्टी को मजबूत करने का अधिकार है. अपने कार्यकर्ताओं को ताकत देने का देने का हक है. उन्होंने यह भी कहा कि कल को हम सैफई, कन्नौज, आजमगढ़ जाएंगे तो आप कहेंगे कि सपा के गढ़ में कांग्रेस क्यों आई. चुनाव का समय है, हर किसी को अपने प्रचार का हक है.
सीटों के बंटवारे पर क्या बोले राजेंद्र पाल गौतम
सीटों के बंटवारे पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि जब अगले महीने सीट की बातचीत होगी तो हिस्सेदारी-भागीदारी बराबर की होगी. उन्होंने यह भी कहा कि पहली बात तो हम बड़ी पार्टी है. हम बड़े भाई हैं, ये सर्वविदित है. लेकिन तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सपा को बड़ा भाई मानने में कोई गुरेज नहीं है.
यह भी पढ़ें - तो हम भी सैफई-कन्नौज जा सकते हैं...राहुल की सीट से अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा पर भड़की कांग्रेस, गठबंधन पर भी बोले अजय राय
यह भी पढ़ें - 2024 में हारे, 2027 में सफाया होगा... रथयात्रा पर अखिलेश का BJP पर हमला, बोले- CEC खुद दे दें इस्तीफा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं