- कानपुर जिले से एक गणेश विसर्जन यात्रा में बमबाजी और फायरिंग का मामला सामने आया है.
- बताया जा रहा है कि यहां बदमाश घात लगाकर बैठे थे, जहां अचानक से फायरिंग कर दी गई.
- घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें फायरिंग बमबाजी दिख रही है.
कानपुर जिले में गणेश विसर्जन के दौरान बमबाजी और फायरिंग का एक मामला सामने आया है. जिससे यात्रा में हड़कंप मच गया. घटना गुजैनी थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव की बताई जा रही है. यहां गणेश विसर्जन यात् के रास्ते में घात लगाकर बैठे बदमाशों ने अचानक से फायरिंग और बमबारी कर दी, जिससे पूरा इलाका थर्रा उठा. डीजे पर नाचते गाते जा रहे युवाओं के बीच अचानक धुआं भर गया. इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें बमबाजी और फायरिंग की आवाज आ रही है. इसके अलावा कुछ लड़कों के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई है.
कानपुर का पूरा मामला
हनुमंत विहार की केडीए कॉलोनी में रहने वाले अर्पित शुक्ला ने अपने घर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की थी. गुरुवार शाम करीब 5 बजे जब वे अपने दोस्तों और परिजनों के साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए सेन पश्चिम थाना क्षेत्र की नहर की तरफ जा रहे थे, तभी फत्तेपुर गांव के पास यह वारदात हुई. हमलावरों ने पहले सबसे आगे चल रहे प्रतिमा वाले ट्रैक्टर को रुकवाया और फिर करीब दो दर्जन बदमाशों ने यात्रा को घेर लिया. अचानक 3 बम फोड़े गए और 2-3 राउंड फायरिंग की गई. धमाकों के धुएं से विसर्जन यात्रा में बुरी तरह भगदड़ मच गई. लोगों ने खेतों में भागकर अपनी जान बचाई.
धमाकों के बाद मारपीट
धमाकों के बाद लगभग 15-20 हमलावर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर टूट पड़े. उन्होंने अर्पित, उनके दोस्त अंश अविरल दुबे, मयंक और एक महिला बबली को घेरकर बुरी तरह पीटा. बेखौफ बदमाशों ने जुलूस में शामिल लोगों की बाइकों में भी जमकर तोड़फोड़ की और चाबियां निकालकर फरार हो गए. इस पूरी घटना में महिला समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इस हमले मुख्य वजह पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है. पीड़ित अर्पित शुक्ला ने बताया कि पिछले साल शोभित सिंह राणा नामक युवक से उनका विवाद हुआ था. तब शोभित ने घर में घुसकर मारपीट की थी. जिस पर हनुमंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था. शोभित लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था. जब अर्पित ने झुकने से इनकार कर दिया, तो फत्तेपुर गांव में अपने मामा के घर रह रहे शोभित ने अपने साथी राहुल भदौरिया और अन्य गुर्गों के साथ मिलकर इस खतरनाक साजिश को अंजाम दिया.
कानपुर पुलिस कर रही मामले की जांच
बवाल और बमबाजी की सूचना मिलते ही एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल और गुजैनी थाने की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और उनका मेडिकल परीक्षण कराया. एसीपी अभिषेक कुमार राहुल ने बताया कि डायल 112 से मारपीट की सूचना मिली थी. शुरुआती जांच में जुलूस रोककर मारपीट करने की बात सामने आई है. गुजैनी थाने में दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 3 विशेष टीमों का गठन किया गया है. इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है.
ये भी पढ़ेंः खोह नागोरियान में पैंथर की दस्तक से दहशत; वायरल VIDEO के बाद बढ़ी चिंता, ग्रामीणों ने उठाई ये मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं