विज्ञापन

तो हम भी सैफई-कन्नौज जा सकते हैं...राहुल की सीट से अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा पर भड़की कांग्रेस, गठबंधन पर भी बोले अजय राय

यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी 'PDA रथ यात्रा' शुरू कर दी है. जिस पर यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने भी बड़ा बयान दिया है. ऐसे में राज्य की सियासत गरमाती दिख रही है.

अजय राय बोले हम भी-सैफई-कन्नौज जा सकते हैं
  • सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से PDA रथ यात्रा शुरू की है.
  • अखिलेश यादव के बयान यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी बड़ा बयान दिया है.
  • उनका कहना है कि कोई कही भी जा सकता है, हम भी सैफई-कन्नौज जा सकते हैं.

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज होती जा रही है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से अपनी PDA रथ यात्रा की शुरुआत कर दी है. जिसे एक तरह से सपा का चुनावी बिगुल फूंकना ही माना जा रहा है. इस बीच यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय का भी बड़ा बयान सामने आया है. उनका कहना है कि चुनाव का समय है, कोई भी कहीं भी जा सकता है. अगर अखिलेश यादव रायबरेली-अमेठी जा सकते हैं, तो हम भी कन्नौज, मैनपुरी और सैफई जा सकते हैं. इसमें कोई नई बात नहीं है. इससे पहले भी सपा सांसद इकरा हसन और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयानों से भी यूपी में इंडिया गठबंधन के बीच तनातनी साफ देखी जा रही है. जिस पर एनडीए की तरफ से तंज भी शुरू हो चुका है. 

अखिलेश की यात्रा से गरमाया माहौल 

दरअसल, अखिलेश यादव ने अपनी यात्रा की शुरुआत रायबरेली से की है. ऐसे में राजनीति गर्मा गई है. क्योंकि भले ही दोनों दलों ने 2024 का लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ा था. लेकिन अब विधानसभा चुनाव से पहले यह बयानबाजी साफ करती है कि 'INDIA' गठबंधन के भीतर 'बड़े भाई' की भूमिका को लेकर फिलहाल सियासी होड़ तो दिख रही है. राजनीतिक जानकारों के मुताबिक अखिलेश यादव ने अपनी रथ यात्रा के लिए कांग्रेस के सबसे सुरक्षित और वीआईपी गढ़ रायबरेली को चुनना एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. इसके जरिए सपा यह संदेश देना चाहती है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ मुख्य विपक्षी धुरी वही है चाहे वह कांग्रेस का ही क्षेत्र क्यों न हो, सपा ही यूपी में बीजेपी को सीधी टक्कर देगी. 

अजय राय के बयान के मायने 

वहीं अखिलेश यादव की यात्रा के बाद अजय राय के बयाने के भी अपने कई मायने हैं. अजय राय का यह कहना कि वे भी सपा के गढ़ कन्नौज, सैफई, इटावा जाएंगे, यह दर्शाता है कि कांग्रेस अब बैकफुट पर रहने के मूड में नहीं है. लोकसभा चुनाव में 6 सीटें जीतने के बाद कांग्रेस भी विधानसभा में मौका नहीं छोड़ना चाहती है. कांग्रेस सपा के साथ इस बार बराबरी की तैयारी से चुनाव लड़ने के मूड में दिख रही है. इसलिए अजय राय का यह बयान बड़ा माना जा रहा है. 

ये भी पढ़ेंः 'राहुल गांधी अपने दम पर खानदानी सीट भी नहीं जीत सकते', चुनाव आयोग विवाद पर BJP का पलटवार

प्रियंका गांधी तय करेगी गठबंधन की रणनीति 

अजय राय ने यूपी चुनाव में सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर भी बड़ा बयान दिया है. अजय राय का कहना है कि कांग्रेस सांसद और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी गठबंधन को लेकर रणनीति तैयार करेगी. अजय राय का यह बयान भी गठबंधन को लेकर अहम माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने गठबंधन को लेकर प्रियंका गांधी को आगे रखा है. यानि कांग्रेस की तरफ से शीर्ष नेतृत्व ही इस मुद्दे पर चर्चा करेगा. 

पहले भी होती रही है बयानबाजी  

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बीच बयानों की यह तल्खी कोई नई नहीं है. दोनों के बयानों का पुराना इतिहास भी रहा है. साल 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान जब दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई थी, तब अजय राय ने सपा को यूपी में सीमित रहने की सलाह दे दी थी. जिस पर अखिलेश यादव ने भी खुलकर तल्ख रुख अपनाते हुए उन्हें चिरकुट नेता तक कह दिया था और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को उन्हें मर्यादा में रखने की बात कही थी. घोसी विधानसभा उपचुनाव के दौरान भी दोनों के बीच तल्खी खुलकर दिखी थी. 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही वर्चस्व की वही पुरानी रंजिश एक बार फिर खुलकर सामने आने लगी है. 

यूपी में गठबंधन को लेकर असमंजस 

यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले 'इंडिया' गठबंधन के दोनों दलों सपा और कांग्रेस में असमंजस साफ दिख रहा है. राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इन बयानों का यह मतलब नहीं की गठबंधन टूट जाएगा, दोनों ही दल जानते हैं उनका साथ चुनाव लड़ना जरूरी है. लेकिन सीट गठबंधन और प्रचार को लेकर प्रेशर पॉलिटिक्स जरूर शुरू हो चुकी है. सपा जहां चुनाव में लीड की भूमिका चाहती है तो कांग्रेस भी अपनी क्षमता के हिसाब से ही चुनाव में जगह चाहती है. जिसमें अखिलेश यादव और अजय राय प्रमुख भूमिका में दिख रहे हैं. 

ये भी पढे़ंः 2024 में हारे, 2027 में सफाया होगा... रथयात्रा पर अखिलेश का BJP पर हमला, बोले- CEC खुद दे दें इस्तीफा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akhilesh Yadav Rath Yatra, Akhilesh Yadav Pda, Ajay Rai Congress, Ajay Rai News, UP Elecitons
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com