- बरेली के 33 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर निखिल अरोड़ा ने आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या की
- निखिल ने अपने पालतू कुत्ते को पहले सल्फास की गोली छाछ में मिलाकर पिलाया और फिर खुद भी पी लिया
- मृतक निखिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और कर्ज के कारण वह मानसिक तनाव में था
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक 33 साल के प्रॉपर्टी डीलर निखिल अरोड़ा ने अपने पालतू कुत्ते के साथ आत्महत्या कर ली. दोनों के शव किराए के मकान के बंद कमरे में मिले है. जानकारी के मुताबिक, निखिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और फिलहाल अकेले रह रहा था. माता-पिता के इलाज में उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी. उसे अपना मकान भी बेचना पड़ा था. इन दिनों वह किराए के घर में रहकर प्रॉपर्टी का काम करता था.
कर्ज से मानसिक तनाव में था प्रॉपर्टी डीलर निखिल
बताया जा रहा है कि उस पर काफी कर्ज भी हो गया था, जिससे वह मानसिक तनाव में था. घटना का खुलासा तब हुआ जब निखिल अपने परिचित धीरज के घर खाना खाने नहीं पहुंचा. शक होने पर लोग उसके घर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का मंजर देखकर सब सन्न रह गए. कमरे में निखिल का शव पड़ा था और पास ही उसका पालतू कुत्ता ‘प्रेमी' भी मृत मिला.
छाछ में सल्फास की गोली मिलाकर की आत्महत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि निखिल ने सल्फास की गोली छाछ में मिलाकर पहले अपने कुत्ते को पिलाई और फिर खुद भी उसे पी लिया. कमरे से छाछ के पैकेट और सल्फास की खाली डिब्बी बरामद हुई है.स्थानीय लोगों के मुताबिक, निखिल अपने कुत्ते से बहुत प्यार करता था. शक है कि उसने इस डर से कुत्ते को भी जहर दे दिया कि उसके बाद उसका ख्याल कौन रखेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
इस दर्दनाक घटना से इलाके में तनाव का माहौल है. कर्ज के बोझ से परेशान होकर एक शख्स ने जान दे दी. उसने एक बार भी अपने परिवार के बारे में नहीं सोचा. निखिल को कर्ज से उबरने का कोई और रास्ता नहीं सूझा. उसने जिंदगी से ऊपर मौत को चुना.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं