UP Coronavirus Updates: कोरोनावायरस (Coronavirus) के संक्रमण को रोकने के लिए देशभर में 14 अप्रैल तक लॉकडाउन (Coronavirus Lockdown) जारी है. देश के कई हिस्सों से लोगों के इस लॉकडाउन का पालन नहीं करने की खबरें आती रहती हैं. कई इलाकों में तो प्रशासन को सख्ती दिखानी पड़ रही है ताकि लोग अपने घरों में ही रहें. ऐसे में लाकडाउन का कड़ाई से पालन कराने जा रही पुलिस टीमों पर हमले की भी कई खबरें सामने आ रही हैं. ऐसे मामले उत्तर प्रदेश में ज्यादा आ रहे हैं. ताजा मामला बरेली का है जहां के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के करमपुर चौधरी गांव में लॉकडाउन का पालन करवाने की कोशिश कर रहे दो पुलिसवालों पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया. बाद में करीब 200 लोगों की भीड़ ने थाने में जमकर हंगामा काटा. बरेली के एसपी रवींद्र कुमार ने यह जानकारी दी. हमले में एक आईपीएस अधिकारी भी घायल हो गये. पुलिस पर हमले की सूचना पर एसपी (नगर) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा. इस दौरान आईपीएस अभिषेक वर्मा और अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं जिन्हे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है.
IPS Abhishek Verma & some other police personnel have sustained injuries in the attack. We have taken some people into custody & booked them under Section 144 of CrPC, relevant sections of IPC: Bereilly City SP Ravindra Kumar https://t.co/PS0eEd67Xg
— ANI UP (@ANINewsUP) April 6, 2020
एसपी (नगर) रविंद्र सिंह ने बताया कि इज्जतनगर इलाके के कर्मपुर चौधरी में चीता मोबाइल के दो पुलिसकर्मी गांव में लॉकडाउन का पालन कराने गए थे, जहां लोगों ने उन पर हमला कर दिया. इसके बाद पुलिसकर्मी बैरियर वन चौकी पर वापस आ गए. इस बीच करीब 200 से 250 लोगों की भीड़ चौकी पहुंच गई और भीड़ ने पथराव कर हमला किया. सिंह ने बताया कि बाद में पुलिस बल गांव गया तो फिर हमला करने की कोशिश की गई. एसपी (नगर) का कहना है कि इस सिलसिले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि पूरी घटना की वीडियो रिकार्डिंग पुलिस के पास है और इस घटना में जितने भी लोग शामिल हैं उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई होगी. ड्रोन कैमरे से निगरानी कर शरारती तत्व चिन्हित होंगे.
इससे पहले यूपी के ही कन्नौज से ऐसा ही मामला सामने आया था जब जिले में लॉकडाउन के बाबजूद कागजियाना स्थित जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के लिए जुट रही भीड़ को रोकने पहुंचे पुलिसकर्मियों व एलआईयू (स्थानीय खुफिया इकाई) कर्मी पर हमला किया गया, जिसमें एलआईयू का कर्मी और एक सिपाही जख्मी हो गए थे.
अप्रैल की शुरुआत में ही मुजफ्फरनगर के गांव में बंद का पालन कराने पहुंचे पुलिस दल पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया था. जिले के मोरना गांव में बंद लागू करवाने के लिये पहुंचे पुलिस दल पर हुए इस हमले में एक उपनिरीक्षक और एक कांस्टेबल बुरी तरह जख्मी हो गए थे. (इनपुट भाषाासे... )
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं