- दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है और कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है
- मौसम विभाग के अनुसार 19 नवंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा
- बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवात अकवान के कारण पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
Kal Ka Mausam 19 November 2026: राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है. दिल्ली-एनसीआर में जहां बर्फीली हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है. वहीं बंगाल की खाड़ी में भीषण चक्रवात अकवान दस्तक देने वाला है. इसे लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 19 नवंबर 2026 के लिए वेदर फॉरकास्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार कल देशभर के 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड, कोहरे का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ले ली है. पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है. पिछले कुछ दिनों की तुलना में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है. मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में पारा और नीचे गिरने की संभावना है. कल अधिकतम तापमान गिरकर 26 डिग्री पर आ जाएगा, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री बना रहेगा. 20 नवंबर को दिन का तापमान और गिरेगा, जो 25 डिग्री तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान भी 12 डिग्री रहने का अनुमान है.
23 नवंबर तक लगातार 'मॉडरेट फॉग' यानी मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रहने की बात कही गई है. ठंड बढ़ने के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर के लिए एक अच्छी खबर भी है. तेज हवाओं के चलने से प्रदूषण के स्तर में काफी सुधार देखने को मिल रहा है. हवा की गति बढ़ने से वातावरण में फैले प्रदूषक कण बिखर गए हैं, जिससे एक्यूआई में तेजी से गिरावट आई है.

यूपी-बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में भी तापमान गिरना शुरू हो गया है. कल राज्य में बारिश का तो कोई अलर्ट नहीं है. लेकिन पश्चिमी यूपी के जिलों में ठंडी हवाएं चलेंगी. उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर 21-22 नवंबर से शुरू होने का अनुमान है.
वहीं बिहार में भी कल मौसम साफ रहेगा. कल राज्य में बारिश या कोहरे का कोई विशेष अलर्ट नहीं है. बिहार में छिटपुट बारिश की संभावना आगे चलकर 21-22 नवंबर के आसपास दर्ज की गई है.
चक्रवात अकवान को लेकर बंगाल के कई जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 19 से 21 नवंबर के बीच बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है. इस बीच, गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान' ने अपना मार्ग बदल लिया है और इसके आंध्र प्रदेश के नरसापुर तथा ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका है. इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में गरज के साथ बारिश और भारी वर्षा हो सकती है. पूर्वी मेदिनीपुर और पश्चिमी मेदिनीपुर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है जबकि दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, झाड़ग्राम और बांकुड़ा जिलों में भारी बारिश हो सकती है.

ओडिशा में भी चक्रवात अकवान का रेड अलर्ट
भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान' को लेकर ओडिशा में भी अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि ओडिशा के दक्षिणी और उत्तरी क्षेत्रों के साथ-साथ तटीय इलाकों में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. आईएमडी ने कल केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, पुरी, गंजाम, गजपति और कंधमाल जिलों में अत्यधिक भारी बारिश के लिए ‘रेड अलर्ट' जारी किया है.
कल इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
- भारी बारिश: आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल.
- हल्की से मध्यम बारिश: झारखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा,
- कोहरे का अलर्ट: हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब.
यह भी पढ़ें | देश के 10 राज्यों में आज प्रचंड बारिश, 80 की स्पीड से चलेंगी हवाएं, कैसा है दिल्ली, यूपी और बिहार का मौसम?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं