- ओपी राजभर एक बार फिर किया सपा में टूट का दावा
- कन्नौज की सांसद निधि के खर्च को लेकर अखिलेश को घेरा
- राजभर ने अखिलेश पर जाटव, धानुक, धोबी और लोधियों का 'हक' खाने का आरोप लगाया
सुभासपा प्रमुख और यूपी सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोला है. कन्नौज की सांसद निधि के खर्च को लेकर ओपी राजभर ने अखिलेश पर जाटव, धानुक, धोबी और लोधियों का 'हक' खाने का आरोप लगाया है. राजभर ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ''प्रिय, 'राजा बाबू' उर्फ अखिलेश जी! इस समय कन्नौज की आपकी सांसद निधि का खर्च पूरे देश में चर्चा का विषय है. विकास के नाम पर आपको सिर्फ 'सपाई अब्दुल्लों का मोहल्ला' ही दिखा? उजाला सिर्फ इन्हीं की गलियों में करना है? जाटव, धानुक, धोबी, लोधी की गलियों को आपने 'चांद' के भरोसे छोड़ दिया. ये सब भी आपके ही लोकसभा क्षेत्र में रहते हैं.''
ओपी राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का हक खा जाने का पुराना रिकॉर्ड है. उन्होंने लिखा, ''सपा की वजह से ओबीसी आरक्षण को सिर्फ यादवों और मुस्लिमों ने खाया. जिसकी वजह से आज हमारे, पाल, प्रजापति, बिंद, केवट, मल्लाह, राजभर, निषाद, मांझी, दर्जी, तेली, फकीर, बंजारा समेत पूरा अति पिछड़ा और दलित समाज के बच्चे ईंट-गारा ढो रहे हैं, रिक्शा चला रहे हैं या ढाबों पर प्लेट धो रहे हैं.''
'सपा सरकार के 13 सालों में हमारी दो-दो पीढ़ियां बर्बाद हुई हैं'
राजभर ने लिखा, ''आपकी सपा सरकार के 13 सालों में हमारी दो-दो पीढ़ियां बर्बाद हुई हैं. आपकी सरकार ने हमें कमजोर किया, जिसका असर आपके मुस्लिम और यादव समीकरण में भी दिखता है। वही दबंगई, वही गुंडई, जो आपकी पार्टी और आपने सिखाई। हर जगह आपके गुंडे हमें मारते-पीटते हैं। मुरादाबाद और बांदा की हमारी बहनें वही झेल रही हैं। उनके साथ आपके अपने गुंडे 'बत्तमीजी' कर रहे हैं। धमकी दे रहे हैं। किसी को हिन्दू होने का दर्द झेलना पड़ रहा है तो किसी को गैर यादव ओबीसी यानी कुर्मी।''
राजभर ने फिर किया दावा- सपा टूट कर ही रहेगी
सुभासपा प्रमुख ने आगे लिखा, ''अखिलेश जी अगर कोई जाना चाहता है तो जाने दीजिए, कोई आपकी पार्टी छोड़ना चाहता है तो छोड़ने दीजिए. डरा-धमकाकर कब तक किसी को रोक लेंगे? अखिलेश जी आपको दिक्कत ओम प्रकाश राजभर से है, परेशानी राजभर है तो राजभर से लड़ो न! जो करना है, मेरे साथ करो. गैर यादव ओबीसी और दलित जातियों के हित के लिए जान देने की नौबत आई तो ये ओम प्रकाश न झुकेगा और न ही रुकेगा. हम अति पिछड़ों को पिटवाना और धमकाना बंद करो अखिलेश. और गुंडई करने से आपकी पार्टी बचने वाली नहीं है, सपा टूट कर ही रहेगी। बचाना है तो पहले खुद में सुधार करिए। फिर अपनी पार्टी में.''
अखिलेश यादव कहीं अब PDA के 'A' का मतलब 'आतंकवादी' न बता दें, ओपी राजभर का तंज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं