- नोएडा के सेक्टर-50 के अपार्टमेंट में दो बंद फ्लैटों से करीब 2 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी हो गए
- चोरी की वारदात 11 और 12 अक्टूबर की मध्यरात्रि के बीच हुई, जब दोनों परिवार घर से बाहर गए हुए थे
- चोरों लॉक को हैंड कटर से काटकर फ्लैट में घुसे और सोने के हार, चूड़ियां, कंगन, पेंडेंट समेत नकदी भी चोरी की
नोएडा की एक पॉश सोसायटी में चोरी की वारदात सामने आई है. सेक्टर-50 की द क्रिसेंट अपार्टमेंट से चोर 2 किलो चांदी और सोने के बिस्किट चोरी कर फरार हो गए. दरअसल दोनों फ्लैट बंद पड़े हुए थे. चोरों ने करीब डेढ़ करोड़ के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर लिया.एक फ्लैट से करीब दो किलो चांदी, सोने के बिस्किट, सोने की गिन्नी समेत अन्य कई कीमती आभूषण चोरी होने की शिकायत दी गई है. दोनों फ्लैटों से चोरों ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये के माल पर हाथ साफ कर लिया.
फ्लैट से 2 करोड़ की चोरी, सोना-चांदी गायब
दोनों फ्लैटों में रहने वाला परिवार घर से बाहर गया हुआ था, तभी चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया गया. जानकारी के मुताबिक, एक परिवार पानीपत में किसी कार्यक्रम में शामिल होने गया था, जबकि दूसरे फ्लैट मालिक अमेरिका गए हुए हैं. पीड़ित नितिन जैन ने बताया कि चोरी की वारदात 11 और 12 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई. पड़ोसियों ने उनको इसकी जानकारी दी. तब वह तुरंत घर वापस दौड़े. सेक्टर-49 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
हार, चूड़ी, अंगूठियां, गिन्नी, बिल्किट चुरा ले गए चोर
पीड़ित ने बताया कि अज्ञात चोर उनके फ्लैट से सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ले गए. उनके ऊपर वाले फ्लैट B-502 में रहने वाली धनलक्ष्मी के घर में भी चोरी हुई है. नितिन जैन के फ्लैट से एक बड़ा सोने का हार, दो छोटे हार, चार सोने की चूड़ियां, दो कंगन, चार कान के टॉप्स, चार अंगूठियां, एक सोने की चेन, एक मंगलसूत्र और दो पेंडेंट चोरी हुए हैं. इसके अलावा 100 ग्राम सोने का एक बिस्किट, करीब 25 से 30 ग्राम की एक सोने की गिन्नी, 2 किलो चांदी, चांदी की 10 से 15 पायल और लगभग एक लाख रुपये कैश भी चोरी हुआ है. पीड़ित के मुताबिक, उनके घर में लगभग 1 करोड़ 5 लाख रुपये की चोरी हुई है.
फ्लैट मालिक अमेरिका में, घर में चोरी
अपार्टमेंट के फ्लैट B-502 में रहने वाली धनलक्ष्मी यूएस गई हुई हैं. चोरों ने उनके फ्लैट से भी सामान चोरी किया है. दोनों फ्लैटों में चोरी की घटना सामने आने के बाद सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
चोरों ने हैंड कटर से काटा फ्लैट का लॉक
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि संदिग्धों ने वारदात से पहले रात करीब 2 बजे सोसायटी के आसपास कार से चक्कर लगाए थे. चोर मुख्य गेट से प्रवेश करने के बजाय दीवार कूदकर सोसायटी में घुसे और हैंड कटर से फ्लैट के दरवाजे का लॉक काटकर अंदर दाखिल हुए. इस दौरान वो सीसीटीवी में भी कैद हुए. पुलिस सीसीटीवी के आधार पर चोरों का पहचान का पता लगाने में जुटी है.
CCTV से हो रही आरोपियों की पहचान
सेक्टर-49 थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने बताया कि फ्लैटों में चोरी की वारदात हुई है. पीड़ित पक्ष ने करीब दो करोड़ रुपये के सामान की चोरी की बात कही है. पुलिस का कहना है कि चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढे़ं-बैंक लॉकर से असली गहने चुकाकर नकली रख दिए, कर्मचारी ने 40 लाख के गोल्ड पर ऐसे किया हाथ साफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं