विज्ञापन

कार्यकर्ताओं के दम पर 2027 में BJP लगातार तीसरी बार UP में बनाएगी सरकार : नितिन नवीन

नवीन ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली 'डबल इंजन' सरकार ने उत्तर प्रदेश के घर-घर तक विकास पहुंचाने का काम किया है. बयान के अनुसार बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, अगले तीन महीनों की कार्ययोजना, गठबंधन सहयोगियों के साथ समन्वय और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई.

कार्यकर्ताओं के दम पर 2027 में BJP लगातार तीसरी बार UP में बनाएगी सरकार : नितिन नवीन
CM योगी ने किया नितिन नवीन का स्वागत
ANI
मथुरा:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को विश्वास जताया कि पार्टी अपने समर्पित और मेहनती कार्यकर्ताओं के दम पर उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगी. उन्होंने संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया.

वह मथुरा के फरह क्षेत्र के परखम गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय कार्ययोजना बैठक के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे. पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार नवीन ने कहा, ‘‘अपने समर्पित और अथक परिश्रम करने वाले कार्यकर्ताओं के बल पर भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी.''

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर के संगठन को और मजबूत करने तथा उसे सक्रिय बनाने की जरूरत है. उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को जनसंपर्क कार्यक्रमों में तेजी लाने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राज्य सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया.

पार्टी नेताओं के मुताबिक सोमवार को शुरू हुई इस बैठक में बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल, सरकारी योजनाओं के प्रचार और विपक्ष के विमर्श का मुकाबला करने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि बैठक के दूसरे दिन की शुरुआत 'राधे-राधे, कमल खिला दे' के नारे के साथ हुई.

उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा), कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी और आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में इन दलों को सफलता नहीं मिलेगी और भाजपा 2027 में ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी.

चौधरी ने कहा कि पार्टी केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी तथा विकास योजनाओं के आधार पर मतदाताओं के बीच जाएगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं, गरीबों, युवाओं और किसानों को चार प्रमुख प्राथमिकता समूह के रूप में चिह्नित किया है तथा इनके कल्याण एवं सशक्तीकरण के लिए कई योजनाएं लागू कीं.

नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उत्तर प्रदेश का यह पांचवां दौरा था. इससे पहले वह पश्चिम, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं. बयान के अनुसार मथुरा पहुंचने पर योगी आदित्यनाथ, पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया.

बयान के मुताबिक नवीन ने बैठक स्थल पर भाजपा के विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की . उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी. बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष, राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए.

ये भी पढ़ें : MP के अनूपपुर में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में 3 की मौत, दो बच्चों सहित 4 घायल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nitin Nabin
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com