LK Advani 99th Birthday: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी अपने 99वें जन्मदिन के साथ जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर गए हैं. इस खास मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने उनके निवास स्थान पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान आडवाणी की एक नई तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह मास्क लगाए नजर आ रहे हैं.
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठतम नेता और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी का 99वां जन्मदिन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया. रविवार को आडवाणी अपने जीवन के 100वें वर्ष में आधिकारिक तौर पर प्रवेश कर गए. इस ऐतिहासिक मौके पर दिल्ली स्थित उनके आवास से उनकी एक नई तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह चेयर पर मास्क लगाकर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं. बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने उनके आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और उनके दीर्घायु होने की कामना की.
नितिन नबीन और पीयूष गोयल ने घर पहुंचकर लिया आशीर्वाद
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष ने लालकृष्ण आडवाणी के दिल्ली स्थित निवास पर जाकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. मुलाकात के बाद नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि विभाजन की विभीषिका से लेकर राष्ट्र निर्माण की यात्रा तक, आडवाणी जी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना का अद्वितीय उदाहरण रहा है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान के बहरोड़ से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. जसवंत सिंह यादव का निधन; लंबे समय से थे कैंसर से पीड़ित
उन्होंने आगे कहा कि आडवाणी जी का जीवन मंत्र राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय, स्वयं अंतिम हमेशा बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा. इसके साथ ही इन नेताओं ने देश के 7वें उप प्रधानमंत्री रहे आडवाणी के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं