- पुलिस और परशुराम दल के कार्यकर्ताओं के बीच रैली रोकने को लेकर तीखी नोकझोंक और बहस हुई थी
- प्रदर्शनकारियों ने समाजवादी पार्टी के दलित सम्मेलन को अनुमति मिलने और रैली रोकने में भेदभाव का सवाल उठाया था
- ACP अमीषा सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे रैली रोकने के फैसले को कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं
आगरा में UGC बिल के विरोध को लेकर निकाली गई रैली के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में सदर क्षेत्र की ACP अमीषा सिंह और परशुराम दल के कार्यकर्ताओं के बीच 'बहनजी' शब्द को लेकर बहस होती दिखाई दे रही है.
रैली को रास्ते में रोका गया
15 नवंबर को परशुराम दल की ओर से UGC बिल के विरोध में रैली निकाली जा रही थी. पुलिस ने रैली को बीच रास्ते में रोक दिया. पुलिस अधिकारियों ने इसके पीछे क्षेत्र में धारा 163 लागू होने का हवाला दिया. इसी बात को लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस शुरू हो गई.
सपा के कार्यक्रम को लेकर उठाया सवाल
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से पूछा कि यदि धारा 163 लागू है तो GIC मैदान में समाजवादी पार्टी के दलित सम्मेलन को अनुमति कैसे दी गई. इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक चर्चा और बहस होती रही.
'मैं बहनजी नहीं हूं' पर बढ़ी चर्चा
बहस के दौरान ACP अमीषा सिंह ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि वे इस फैसले को कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं. इसी बातचीत में एक कार्यकर्ता ने उनसे कहा, " आप सुनिए बहनजी " इस पर ACP ने जवाब दिया, "मैं बहनजी नहीं हूं." कार्यकर्ता ने तुरंत कहा, "हम तो बहन ही कहेंगे. यह हमारी भारतीय संस्कृति है. हम तो बहन कहते हैं. सभी भारतीय हमारे भाई-बहन हैं."
कौन हैं ACP अमीषा सिंह?
ACP अमीषा सिंह मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली हैं. उनका जन्म 12 मई 1997 को हुआ था. उनके पिता विनोद कुमार सिंह यूपी पुलिस में IPS अधिकारी रह चुके हैं. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से BA और MA की पढ़ाई की है.
अमीषा सिंह ने UPPSC-2022 परीक्षा में 18वीं रैंक हासिल की थी. इसके बाद उनका चयन DSP पद पर हुआ. आगरा में ACP के रूप में यह उनकी पहली तैनाती है. इससे पहले वह चर्चित बाथरूम हत्याकांड के खुलासे को लेकर भी सुर्खियों में रह चुकी हैं.
यह भी पढ़ें | आगरा से अखिलेश का ओवैसी पर पलटवार, बोले- किसी और के माइक का लाउडस्पीकर बन रहे हैं ये लोग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं