विज्ञापन

धीरेंद्र शास्त्री की कुंडा में रामकथा, सपा ने कहा था घुसने नहीं देंगे तो क्या बवाल होगा?

यूपी के कुंडा में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा मंगलवार से शुरू होने जा रही है. समाजवादी पार्टी ने धीरेंद्र शास्त्री का विरोध किया था, ऐसे में आज से होने वाली कथा पर सबकी नजरें हैं. इस कथा का आयोजन कुंडा विधायक राजा भैया की तरफ से करवाया जा रहा है.

कुंडा में आज से होगा धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा का आयोजन (फाइल फोटो)
  • कुंडा में विधायक राजा भैया द्वारा पंडित धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा का आयोजन मंगलवार से शुरू हो रहा है.
  • समाजवादी पार्टी ने राम-कृष्ण की तुलना वाले बयान के कारण धीरेंद्र शास्त्री का विरोध किया था.
  • धीरेंद्र शास्त्री कुंडा पहुंच चुके हैं और उनकी रामकथा दोपहर में दो बजे से शुरू होगी.

उत्तर प्रदेश के कुंडा से विधायक राजा भैया पंडित धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा का आयोजन करवा रहे हैं. मंगलवार से कथा की शुरुआत हो रही है. समाजवादी पार्टी ने धीरेंद्र शास्त्री का विरोध किया था, धीरेंद्र शास्त्री के राम-कृष्ण पर दिए गए बयान के बाद समाजवादी पार्टी ने उन्हें यूपी में घुसने नहीं देने की बात कही थी. जिसके बाद सियासी माहौल गर्माया हुआ था. हालांकि धीरेंद्र शास्त्री सोमवार की रात में कुंडा पहुंच गए हैं. खुद विधायक राजा भैया उन्हें बेंती लेकर पहुंचे, जहां आज दोपहर में 2 बजे से उनकी कथा का आयोजन होगा, जिसके लिए यहां तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. सुबह से लेकर अब तक किसी तरह की विवादित स्थिति नहीं दिखी है. 

धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा को लेकर तैयारियां पूरी

धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा के आयोजन को लेकर कुंडा में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. 200 गांवों में कलश यात्रा निकाली गई है. रामकथा के इलाके में बाजार भी भरा गया है. धीरेंद्र शास्त्री पहले गोंडा जाएंगे और आलोक दास महाराज की कथा में शामिल होंगे और उसके बाद वह 2 बजे से कुंडा में खुद रामकथा का आयोजन करेंगे. सपा की तरफ से फिलहाल किसी तरह का कोई विरोध नहीं किया है. 

समाजवादी पार्टी ने राम-कृष्ण की तुलना को लेकर धीरेंद्र शास्त्री का विरोध किया था. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी विरोध किया था. पार्टी की तरफ से उन्हें यूपी के किसी भी इलाके अवध, ब्रज समेत दूसरे इलाकों में नहीं आने देने की बात कही थी. लेकिन कुंडा में पहले दिन सपा की तरफ से अब तक विरोध नहीं दिखा है. 

ये वीडियो भी देखिए

राजा भैया ने क्या कहा था ?

वहीं कुंडा विधायक और रामकथा के आयोजनकर्ता राजा भैया सोमवार की रात प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे और यहां से धीरेंद्र शास्त्री का स्वागत कर उन्हें कुंडा लाए. कथा को लेकर उन्होंने कहा 'कथा का राजनीति या 2027 के चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि कोई कह रहा है कि कथा नहीं होनी चाहिए, तो वह संविधान विरोधी बात कर रहा है. संविधान का अनुच्छेद 25 और 26 हर नागरिक को अपनी आस्था के अनुसार पूजा का मौलिक अधिकार देता है.

कुंडा में 1200 पुलिसकर्मी तैनात 

कथा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. करीब 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. पश्चिमी अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय ने कहा कि कथा को लेकर तैयारियां और सुरक्षा के इंतजाम व्यवस्थित हैं. 

क्यों हुआ था विवाद 

दरअसल, यह रामकथा राजनीति का मुद्दा इसलिए बन गई, क्योंकि समाजवादी पार्टी के नेताओं ने धीरेंद्र शास्त्री की कथा का विरोध करने का ऐलान किया था. विवाद की जड़ में धीरेंद्र शास्त्री का वह बयान है, जिसमें उन्होंने भगवान राम और भगवान कृष्ण के स्वभाव की तुलना करते हुए टिप्पणी की थी. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि धीरेंद्र शास्त्री ने यदुवंशियों और रघुवंशियों की भावनाओं को आहत किया है. उन्होंने यहां तक कहा था कि धीरेंद्र शास्त्री को न तो ब्रज में और न ही अवध में प्रवेश मिलना चाहिए. सपा ने प्रशासन से कुंडा, लखनऊ, आगरा, झांसी, गोंडा और अंबेडकरनगर में उनके कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की थी. 

ये भी पढे़ंः कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा का विशाल पंडाल, सैकड़ों पाकिस्तानी हिंदू भी होंगे शामिल, सीएम योगी भी आ सकते हैं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dhirendra Shastri, Dhirendra Shastri Bageshwar Dham, Dhirendra Shastri Katha, Kunda MLA Raja Bhaiya, Kunda MLA
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com