- शादी से पहले दूल्हे का अनोखा संदेश, मेहमानों से मांगे तीन वादे
- योगी आदित्यनाथ और रितेश गुप्ता के समर्थन की अपील वाला वीडियो चर्चा में
- उपहार छोड़ संकल्पों की मांग, वायरल हुआ दूल्हे का वीडियो
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शादी से पहले एक दूल्हे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आमतौर पर शादी में मेहमानों से शुभकामनाएं और उपहार मांगे जाते हैं, लेकिन अनमोल अग्रवाल ने अपनी शादी को अलग अंदाज में यादगार बनाने की कोशिश की है. उन्होंने शादी में शामिल होने वाले लोगों से तीन विशेष संकल्प लेने की अपील की है. इनमें पर्यावरण संरक्षण, 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का समर्थन और स्थानीय भाजपा विधायक के पक्ष में समर्थन शामिल है.
हल्दी समारोह के बाद जारी किया वीडियो, दूल्हे ने तीन संकल्प लेने को कहा
मुरादाबाद के इंदिरा कॉलोनी निवासी जितेंद्र अग्रवाल के पुत्र अनमोल अग्रवाल की शादी 25 नवंबर को होनी है. शादी के कार्यक्रमों के बीच सोमवार को हल्दी की रस्म संपन्न हुई. हल्दी समारोह के बाद अनमोल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने अपनी शादी में आने वाले मेहमानों और अन्य लोगों से तीन संकल्प लेने की अपील की.

शादी से पहले अपील करता हुआ दूल्हा
Photo Credit: NDTV
पहली अपील पर्यावरण संरक्षण, दूसरी- फिर CM बनें योगी
वीडियो में अनमोल अग्रवाल ने सबसे पहले पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा उठाया. उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया. उनका कहना है कि पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है और छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं. अनमोल की दूसरी अपील राजनीतिक रही. उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए लोगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए समर्थन देने की बात कही.
विधायक रितेश गुप्ता के समर्थन की भी अपील
वीडियो में अनमोल अग्रवाल ने तीसरा संकल्प मुरादाबाद नगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रितेश गुप्ता के समर्थन से जोड़ते हुए रखा. उन्होंने कहा कि यदि पार्टी भविष्य में रितेश गुप्ता को दोबारा टिकट देती है तो लोग उन्हें फिर से विधायक बनाकर विधानसभा भेजें.
यह भी पढ़ें : यूपी चुनाव 2027 की तैयारी में BJP, कोर कमेटी बैठक में बनी रणनीति; केशव मौर्य का विपक्ष पर हमला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं