बिहार के मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने जा रही है. शादी में अब दो ही दिन बचे हैं. ऐसे में शादी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं.
सोमवार को शिवांगी सिंह की हल्दी का कार्यक्रम चल रहा है. अनंत सिंह के तीनों बेटे- अंकित, अभिषेक और अभिनव पीले कुर्ते में आ रहे मेहमानों का स्वागत कर रहे हैं. उनके परिवार के लोगों का कहना है कि आज उनके लिए बड़ा दिन है.
हल्दी का कार्यक्रम नदमां गांव में हो रहा है. कई दिनों से ही यहां मेहमानों का आना-जाना लगा हुआ है. आने वाले मेहमानों के खाने-पीने का भरपूर इंतजाम किया गया है.
100 फीट लंबे टेंट में मेगा किचन तैयार
अनंत सिंह के गांव में 100 फीट से लंबा टेंट लगाया गया है और मेगा किचन तैयार किया गयाहै. इसमें 50 लाख से भी ज्यादा गुलाब जामुन बनाने की तैयारी चल रही है.
किचन में 200 से ज्यादा कारीगर मिलकर खाना बनाने की तैयारी कर रहे हैं. 50 से भी ज्यादा मिट्टी के चूल्हे बनाए गए हैं. एक ट्रक चीनी लाई गई है.
वहीं, इस शादी में मिठाई बनाने के लिए सुधा मिल्क के 10 हजार किलो के टैंकर से सीधा दूध मेगा किचन में भेजा जा रहा है.
अनंत सिंह के करीबी कन्हैया सिंह ने NDTV को बताया कि ऐसे 12 अलग-अलग और पंडाल बन रहे हैं. हालांकि बारिश की वजह से ग्राउंड में थोड़ा कीचड़ हो गया था, लेकिन अगले 2 दिन में तैयारी पूरी कर ली जाएगी.

यह भी पढ़ें | बिना बुलाए अनंत सिंह की बेटी के तिलक में पहुंची 3 लड़कियां, शिवांगी का नाम तक याद नहीं, VIDEO हुआ वायरल
घुडदौड़ के लिए क्या है तैयारी?
शादी से पहले हुई बारिश ने मजा किरकिरा कर दिया है. अनंत सिंह के करीबी रिश्तेदारों ने बताया कि घुड़दौड़ को लेकर काम चल रहा है. ग्राउंड को ठीक किया जा रहा है. घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा.
उन्होंने कहा कि सब तैयारी हो जाएगी, घुड़दौड़ की भी तैयारी दो दिन में पूरी हो जाएगी. फील्ड तैयार की जा रही है, जो घोड़ा यहां रहेगा, उसको घुड़दौड़ करवाएंगे.
उन्होंने यह भी बताया कि हेलीपैड को भी तैयार किया जा रहा है. हालांकि, बारिश के कारण थोड़ा मुश्किल हो गया था, लेकिन सब कुछ दो दिन में तैयार कर लिया जाएगा.

यूपी के बीजेपी विधायक भी पहुंचे
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में शामिल होने के लिए यूपी के बीजेपी विधायक सुशील सिंह आज पहुंच गए हैं.
अनंत सिंह ने उनका स्वागत किया गया. NDTV से बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि सब तैयारी पूरी है. उन्होंने कहा कि हम बहुत खुश हैं, घर पर सब कोई आ रहे हैं, सबका हम स्वागत कर रहे हैं.
वहीं, बीजेपी विधायक सुशील सिंह ने कहा कि अनंत सिंह मेरे भाई हैं, इनकी बेटी की शादी है, हम आशीर्वाद देने आए हैं. उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव में हम अनंत सिंह को चुनाव प्रचार के लिए बुलाएंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं