विज्ञापन

इमरान मसूद Vs इकरा हसन: सीट शेयरिंग कमेटी में दो युवा चेहरों की टक्कर से तय होगा पश्चिमी यूपी का भविष्य

यूपी चुनाव के लिए सीट शेयरिंग को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सोमवार को पहली बैठक हुई, जो 15 मिनट चली. इस बैठक में कांग्रेस से इमरान मसूद तो सपा से इकरा हसन मौजूद रहे.

इमरान मसूद Vs इकरा हसन: सीट शेयरिंग कमेटी में दो युवा चेहरों की टक्कर से तय होगा पश्चिमी यूपी का भविष्य
इकरा हसन और इमरान मसूद.
NDTV

उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच बैठकों का सिलसिला जारी है. आज दिल्ली में कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर समाजवादी पार्टी और यूपी कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई. हालांकि, 15 मिनट में ही बैठक खत्म हो गई लेकिन दिलचस्प बात यह भी है कि दो बड़े नेताओं को इस सीट बंटवारे में आमने-सामने रखा गया है. कांग्रेस की तरफ से इमरान मसूद और सपा की तरफ से इकरा हसन.

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की इस शुरुआती चर्चा में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच पश्चिमी यूपी की मुस्लिम बहुल सीटों को लेकर खींचतान साफ नजर आ रही है. 

इस समीकरण का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि दोनों दलों ने अपनी-अपनी सीट शेयरिंग कमेटियों में पश्चिमी यूपी के दो प्रमुख युवा चेहरों- कांग्रेस की ओर से सहारनपुर सांसद इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी की तरफ से कैराना सांसद इकरा हसन को आमने-सामने खड़ा कर दिया है.

क्या है दोनों की रणनीति?

इसके पीछे एक दिलचस्प रणनीति है. दरअसल सीट शेयरिंग कमेटी का सबसे पहले ऐलान कांग्रेस की तरफ से किया गया था जिसमे राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद जैसे नेताओं की कमेटी बनाई गई. 

ठीक इसके बाद पश्चिमी यूपी की सियासत और सीटों को अपने पास रखने के लिए समाजवादी पार्टी ने बाकी नेताओं के साथ-साथ कैराना से सांसद इकरा हसन को कमेटी में शामिल किया ताकि जब सहारनपुर, कैराना और आसपास की सीटों पर बातचीत हो तो इमरान मसूद और इकरा हसन आमने-सामने रहे. 

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी सहारनपुर की सभी विधानसभा सीटों के साथ-साथ बाकी आसपास की सीटों पर अपनी दावेदारी ठोक रही है, वहीं समाजवादी पार्टी भी इन सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है और वह इन सीटों को खुद के पास रखना चाहती है.

ऐसे में इसी रणनीति को देखते हुए कांग्रेस के इमरान मसूद के सामने सपा ने इकरा हसन को उनके सामने खड़ा कर दिया ताकि जवाब दावेदारी मजबूत रहे. 

इमरान मसूद.

इमरान मसूद.
Photo Credit: IANS

सीट शेयरिंग कमेटी के पीछे की रणनीति क्या है?

सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि कांग्रेस ने सबसे पहले अपनी सीट शेयरिंग कमेटी का गठन कर उसमें आराधना मिश्रा मोना और राजेंद्र पाल गौतम के साथ इमरान मसूद को शामिल किया. 

पार्टी रणनीतिकारों का मानना है कि इसके जरिए कांग्रेस सहारनपुर, शामली और आसपास के जिलों में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करना चाहती है. 

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के नेतृत्व ने भी पश्चिमी यूपी के अपने पारंपरिक वोट बैंक और सीटों को सुरक्षित रखने के लिए जवाबी कदम उठाया. सपा ने अपनी समिति में युवा और मुखर सांसद इकरा हसन को जगह दी, ताकि सहारनपुर और कैराना क्षेत्र की सीटों पर होने वाली सौदेबाजी में पार्टी का पक्ष मजबूती से रखा जा सके. 

इससे पहले भी सीट बंटवारे से जुड़े इमरान मसूद के बयानों पर इकरा हसन सार्वजनिक रूप से सपा का रुख साफ करती रही हैं.

यह भी पढ़ें | 130 सीटों की लिस्ट, हर जिले की एक सीट पर चुनाव लड़ने की इच्छा.. कांग्रेस ने थमाई सपा को मांगों की सूची

जमीनी आंकड़े और विधानसभा सीटों का समीकरण

सहारनपुर और कैराना लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों के पिछले चुनावी परिणाम इस खींचतान की असली वजह बयां करते हैं. 

2022 के विधानसभा चुनाव में सहारनपुर जिले की सात सीटों में से समाजवादी पार्टी ने दो सीटों (बेहट और सहारनपुर देहात) पर बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी. इसके अलावा नकुड़ सीट पर सपा उम्मीदवार को महज 315 वोटों के मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि देवबंद और गंगोह में भी सपा मुख्य मुकाबले में रही थी. कैराना विधानसभा सीट पर भी समाजवादी पार्टी के नाहिद हसन ने जीत हासिल की थी. 

इसके विपरीत, 2022 के विधानसभा चुनावों में इन सभी सीटों पर कांग्रेस का वोट प्रतिशत काफी कम रहा था और पार्टी तीसरे या चौथे स्थान पर सिमट गई थी.

सपा सांसद इकरा हसन.

सपा सांसद इकरा हसन.
Photo Credit: IANS

इमरान और इकरा का सियासी प्रभाव

2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों ने इन समीकरणों में नया मोड़ तब आया जब इंडिया गठबंधन के तहत चुनाव लड़ते हुए इमरान मसूद ने सहारनपुर लोकसभा सीट पर 64 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर अपनी सियासी पकड़ साबित की. 

वहीं, सहारनपुर के मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच उनके परिवार की पुरानी राजनीतिक विरासत और आक्रामक कार्यशैली को कांग्रेस अपनी ताकत मान रही है. इसी आधार पर कांग्रेस सहारनपुर मंडल की कई विधानसभा सीटों पर अपना हक जता रही है.

दूसरी ओर कैराना लोकसभा सीट से लगभग 69 हजार वोटों से चुनाव जीतने वालीं इकरा हसन न केवल शामली बल्कि सहारनपुर जिले की नकुड़ और गंगोह विधानसभा सीटों पर सीधा प्रभाव रखती हैं, क्योंकि ये दोनों विधानसभा क्षेत्र कैराना लोकसभा का हिस्सा हैं.

हसन परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि, गुर्जर-मुस्लिम समीकरण, युवाओं और महिलाओं के बीच उनकी स्वीकार्यता उन्हें सपा के लिए पश्चिमी यूपी का एक अहम स्तंभ बनाती है. 

सीट बंटवारे में दोनों दल अपने अपने प्रभाव को देखते हुए अपनी दावेदारी को मजबूत तौर पर उठा रहे हैं. 

हालांकि, सीट बंटवारे में दिलचस्प बात यह है कि पहली बैठक से पहले ही कांग्रेस 180 सीटों के आंकड़े से 130 पर आ चुकी है. लेकिन पूरे उत्तरप्रदेश की सीटों के साथ साथ लड़ाई पश्चिमी यूपी की सीटों पर भी टिकी हैं और दिलचस्प है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Imran Masood, Iqra Hasan, Samajwadi Party, Congress, UP Assembly Election 2027
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com