- BJP ने यूपी चुनाव की तैयारियां लखनऊ में कोर कमेटी की बैठक के जरिए शुरू कर दी हैं
- बैठक में CM योगी, केशव प्रसाद मौर्य और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संगठन और चुनावी रणनीति पर चर्चा की
- केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा सभी वर्गों का समर्थन प्राप्त कर रही है और विपक्ष के सपने जल्द टूट जाएंगे
अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. इस बीच लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक हुई. करीब एक घंटे 40 मिनट तक चली इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सैनी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के सीनियर नेता मौजूद रहे. बैठक में संगठन, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा हुई.
बैठक के बाद क्या बोले केशव मौर्य?
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कई जरूरी मुद्दों पर चर्चा हुई है और पार्टी की आगे की रणनीति इन्हीं विचार-विमर्श के आधार पर तय की जाएगी. उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार जनता के बीच पहुंच रही है और हर वर्ग का समर्थन पार्टी को मिल रहा है.
विपक्ष को जमकर घेरा
गठबंधन की राजनीति पर भी मौर्य ने विपक्ष को घेरा. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस अगर साथ मिलकर चुनाव लड़ते हैं तो भी हारेंगे और अगर अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं तब भी हार निश्चित है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा और एनडीए की जीत तय है.
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब गुंडाराज, जंगलराज, दंगे, अपराध और माफियाओं का दौर नहीं चाहता. उन्होंने कहा कि कमल का बटन सुरक्षा का प्रतीक है, जबकि साइकिल का बटन असुरक्षा का प्रतीक है.
वहीं, बुंदेलखंड में तीन सीटों की मांग को लेकर निषाद पार्टी प्रमुख संजय निषाद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव मौर्य ने चुटकी भरे अंदाज में कहा, 'हम उन्हें तीन नहीं, सभी 403 सीटें दे देंगे.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं