विज्ञापन

लखनऊ में बीजेपी बूथ अध्यक्ष से मारपीट, दरोगा सस्पेंड; वायरल वीडियो के बाद जांच के आदेश

लखनऊ में पुलिस और भाजपा कार्यकर्ता के बीच विवाद का मामला तूल पकड़ गया है. भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद रावत ने आरोप लगाया है कि शिकायत लेकर थाने जाने के बाद रात में पुलिस उनके घर पहुंची और दरोगा ने पिस्तौल की बट से हमला किया.

लखनऊ में बीजेपी बूथ अध्यक्ष से मारपीट, दरोगा सस्पेंड; वायरल वीडियो के बाद जांच के आदेश
बीजेपी बूथ अध्यक्ष से मारपीट के आरोप में दरोगा सस्पेंड, वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद रावत के साथ कथित पुलिस मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है. अरविंद रावत ने आरोप लगाया है कि गांव में हुए विवाद की शिकायत लेकर थाने जाने के बाद रात में पुलिस टीम उनके घर पहुंची और दरोगा सचिन कुमार यादव ने पिस्तौल की बट से उनके सिर पर हमला किया. उन्होंने अपने भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया है. जबकि उनकी पत्नी को भी चोट लगने का दावा किया गया है. घटना से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दरोगा को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है.

दरोगा पर तत्काल एक्शन

मामले में DCP South ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक सचिन कुमार यादव को निलंबित कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को बंथरा थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के निस्तारण में लापरवाही और अनुचित व्यवहार के आरोप में दरोगा को सस्पेंड किया गया है. पूरे मामले की विभागीय जांच अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी को सौंपी गई है. जांच के आधार पर आगे कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

दुकान लगाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

NDTV को प्राप्त जानकारी के मुताबिक, खसरवारा गांव निवासी और भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद रावत का गांव के ही साहिल, सारजन और राहुल से दुकान लगाने को लेकर बुधवार को विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच रात करीब 8:30 बजे मारपीट भी हुई. इसके बाद अरविंद रावत शिकायत लेकर बंथरा थाने पहुंचे. उन्होंने दूसरे पक्ष पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी. पुलिस ने मामले की जांच करने की बात कहकर उन्हें घर भेज दिया.

दोनों पक्षों ने पुलिस से की शिकायत

अरविंद के थाने से जाने के कुछ समय बाद दूसरे पक्ष के लोग भी पुलिस के पास पहुंचे. उन्होंने भी अरविंद रावत और उनके पक्ष के लोगों पर विवाद से जुड़े आरोप लगाते हुए शिकायत की. दोनों पक्षों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम जांच के लिए खसरवारा गांव पहुंची. अरविंद रावत का आरोप है कि इसी दौरान दरोगा सचिन यादव और पुलिस टीम उनके घर पहुंची और उनके साथ मारपीट की. उन्होंने दावा किया कि दरोगा ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर हमला किया. बीच-बचाव करने आए उनके भाई के साथ भी पुलिसकर्मियों ने लाठियों से मारपीट की. परिवार की महिला सदस्य को भी चोट लगने का दावा किया गया है.

पुलिस टीम के घर पहुंचने के वीडियो सामने आए

घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें पुलिस टीम के घर के अंदर जाने और परिवार के सदस्यों के साथ कथित मारपीट के दृश्य बताए जा रहे हैं. हालांकि, वीडियो और लगाए गए आरोपों की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

अरविंद रावत ने गुरुवार दोपहर इस पूरे मामले की शिकायत एसीपी से की थी. शिकायत और सामने आए वीडियो के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की.

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के निस्तारण में लापरवाही और अनुचित व्यवहार के आरोप में उपनिरीक्षक सचिन कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. मामले की विभागीय जांच जारी है.

यह भी पढ़ें : झूठों का गिरोह, सिपाही बनने लायक भी नहीं ऐसा SHO; किस मामले पर यूपी पुलिस के अफसरों पर भड़का HC

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lucknow News, BJP Booth President, Police Assault Allegation, Viral Video, Police Suspension
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com