क्रिकेट प्रेमियों के इंतजार का पल समाप्त हो चुका है. एशियन गेम्स 2026 के पुरुषों का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच निशिन में खेला जा रहा है. जहां विपक्षी टीम के कप्तान सहान अराछिगे ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया है. मजेदार जो बात है, वो यह है कि भारतीय टीम अहम मुकाबले में अपने तीनों सलामी बल्लेबाजों के साथ मैदान में उतर रही है. जिसमें वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन का नाम शामिल है. मगर सवाल उठता है कि आखिर तीनों खिलाड़ी एक साथ कैसे प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने में कामयाब हो गए? अगर आपका भी यही सवाल है, तो उसका जवाब हम लेकर आए हैं.
अर्शदीप सिंह की जगह तीसरे ओपनर को मिला मौका!
अक्सर देखा गया है कि वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को एक साथ प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिलता है. मगर आज के मुकाबले में तीनों सलामी बल्लेबाज एक साथ प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं. क्योंकि भारतीय टीम निशिन में केवल एक तेज गेंदबाज के साथ मैदान में उतर रही है. बतौर तेज गेंदबाज टीम में केवल जसप्रीत बुमराह को शामिल किया गया है. जिसके बाद तीनों सलामी बल्लेबाजों को प्लेइंग इलेवन में शिरकत करने का मौका मिला है.
वैभव और अभिषेक कर सकते हैं पारी का आगाज
उम्मीद जताई जा रही है कि आज के मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा पारी का आगाज करते हुए नजर आ सकते हैं. वहीं सैमसन को तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करने का अवसर मिल सकता है. किशन चौथे, जबकि कैप्टन श्रेयस अय्यर पांचवें स्थान पर नजर आ सकते हैं. इसके पश्चात तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं.
सेमीफाइनल मुकाबले के लिए भारतीय प्लेइंग इलेवन
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई और जसप्रीत बुमराह.
श्रीलंकाई प्लेइंग इलेवन
लसित क्रूसपुले, सिनेथ जयवर्दने, सोहन डे लिवेरा, साहन अराच्चिगे (कप्तान), नुवानिदु फर्नांडो, अशेन बंडारा, चमिका करुणारत्ने, वनुजा साहन, विजयकांत वियास्कांत, थरिंडु रत्नायके और बिनुरा फर्नांडो.
यह भी पढ़ें- 'यह क्रिकेट नहीं है...' 400 पार की जीत के बाद भड़के गौतम गंभीर, मैच के बाद बयान से फैंस हैरान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं