दिल्ली से बुलेट ट्रेन का बड़ा नेटवर्क बनेगा. राजधानी से चलने वाली बुलेट ट्रेन से आप बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई समेत देश के किसी भी बड़े महानगर की यात्रा कर पाएंगे. कुछ ही घंटों में आप देश के किसी कोने में पहुंचेंगे. मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के बाद सरकार इस हाईस्पीड रेल नेटवर्क की तैयारी में जुटी है. डायमंड क्वाड्रिलेटरल और नेशनल रेल प्लान के तहत ये शहर कनेक्ट होंगे.मुंबई–पुणे-हैदराबाद कॉरिडोर, हैदराबाद–बेंगलुरु कॉरिडोर, हैदराबाद–चेन्नई कॉरिडोर, चेन्नई–बेंगलुरु कॉरिडोर, दिल्ली–वाराणसी कॉरिडोर और वाराणसी–सिलीगुड़ी कॉरिडोर के जरिये ये नेटवर्क बनेगा. पूर्वोत्तर का प्रवेश द्वार सिलीगुड़ी भी इस हाईस्पीड रेल कॉरिडोर से जुड़ेगा.
दिल्ली-वाराणसी-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन रूट
दिल्ली-वाराणसी-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर उत्तर प्रदेश के आगरा, लखनऊ, वाराणसी, इटावा जैसे शहरों से गुजरते हुए पटना से होते हुए सिलीगुड़ी तक प्रस्तावित है. दिल्ली से जयपुर-अहमदाबाद तक प्रस्तावित रूट के जरिये भविष्य में मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई हाईस्पीड नेटवर्क बनाया जा सकता है.
दिल्ली-मुंबई बुलेट ट्रेन से कैसे होगी कनेक्ट
दरअसल,दिल्ली-जयपुर-उदयपुर-अहमदाबाद कॉरिडोर लगभग 886 किमी भी पाइपलाइन है. मुंबई-अहमदाबाद से जुड़ते ही ये कॉरिडोर अहमदाबाद (साबरमती जंक्शन) के जरिये मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन रूट से मिल जाएगा. इससे अभी 12–15 घंटे के मुकाबले दिल्ली से मुंबई का सफर 4 से 4.5 घंटे में पूरा होगा. हालांकि ये कॉरिडोर अभी प्रायोरिटी कॉरिडोर में नहीं है. इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट और डीपीआर तय होने के बाद ही प्रोजेक्ट रफ्तार पकड़ेगा.
दिल्ली-वाराणसी-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन रूट
दिल्ली–वाराणसी–पटना–सिलीगुड़ी कॉरिडोर चार राज्यों से होकर गुजरेगा. दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल भी बुलेट ट्रेन नेटवर्क का हिस्सा बनेगा. दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन रूट दिल्ली के सराय काले खां, नोएडा से आगरा, लखनऊ होकर वाराणसी तक जाएगा. ये सफर 4 घंटे में पूरा होगा.
वाराणसी-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन रूट
दिल्ली से वाराणसी से बक्सर, पटना, बेगूसराय, कटिहार होते हुए न्यू जलपाईगुड़ी, सिलीगुड़ी रूट भी प्राथमिकता में है. इसमें 2 घंटे 55 मिनट लगेगा.दिल्ली से बंगाल के सिलीगुड़ी की दूरी 1705 किमी के सफर में 20 घंटे लगते हैं. बुलेट ट्रेन से ये 6 घंटे में पूरा होगा.

दिल्ली से हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई की कनेक्टिविटी
दिल्ली से पश्चिम और दक्षिण भारत को जोड़ने के दो रास्ते हैं. दिल्ली-अहमदाबाद रूट के जरिये मुंबई-पुणे से कनेक्ट होंगे. मुंबई से पुणे 48 मिनट और पुणे से हैदराबाद बुलेट ट्रेन का रूट 1 घंटा 55 मिनट का होगा.हैदराबाद से बेंगलुरु और हैदराबाद-चेन्नई बुलेट ट्रेन के जरिये इन दो शहरों तक भी दिल्ली की हाईस्पीड कनेक्टिविटी हो जाएगी. हैदराबाद-बेंगलुरु 2 घंटे, हैदराबाद से चेन्नई 2 घंटे 55 मिनट और बेंगलुरु से चेन्नई मात्र 73 मिनट में सफर होगा. डायमंड क्वाड्रिलेटरल के तहत दिल्ली से आगरा, भोपाल, नागपुर होते हुए सीधे हैदराबाद और चेन्नई के लिए भविष्य में हाई स्पीड रेल लाइन भी बनाई जा सकती है.
ये भी पढ़ें - मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का किराया 7 हजार तक, 350 KM की स्वदेशी ट्रेन दौड़ेगी, जानें रूट, टाइमिंग सब कुछ
मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन अपडेट
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत महाराष्ट्र में ठाणे के भिवंडी इलाके में 28 सितंबर को पहला स्टील ब्रिज स्थापित किया गया था. 508 किमी लंबा मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का 70 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो गया है. देश में बुलेट ट्रेनों के लिए जापानी शिंकानसेन टेक्नोलॉजी, 1435 मिमी स्टैंडर्ड गेज और 25 KV AC ओवरहेड ट्रैक्शन का इस्तेमाल होगा, जो मुंबई-अहमदाबाद रूट जैसा ही है. इससे दिल्ली की बुलेट ट्रेन सीधे साबरमती में बिना रुकावट के मुंबई-अहमदाबाद ट्रैक से जुड़ पाएगी. साबरमती स्टेशन को एक बड़ा हाईस्पीड टर्मिनल बनाया गया है. यहीं दिल्ली–अहमदाबाद रूट का मुंबई–अहमदाबाद रूट की कनेक्टिविटी होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं