उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक महिला की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना नाका थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर चौराहे के पास स्थित विजन अपार्टमेंट की है. फ्लैट नंबर 202 में रहने वाली महिला मृत अवस्था में मिलीं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
मां-बेटे के बीच हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि घटना के समय महिला और उनके 17 वर्षीय बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि कहासुनी के दौरान नाबालिग बेटे ने गुस्से में आकर महिला के सिर पर किसी औजार से वार कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतका की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 42 वर्षीय गीता भागचंदानी के रूप में हुई है. वह अपने परिवार के साथ अपार्टमेंट में रहती थीं. घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है. किसी को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि घर के अंदर इतना बड़ा हादसा हो जाएगा.
वारदात के बाद नाबालिग बेटा मौके पर ही मौजूद मिला. पुलिस ने उसे संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि विवाद की वजह क्या थी और घटना किन परिस्थितियों में हुई.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. फील्ड यूनिट और जांच टीम ने फ्लैट का बारीकी से निरीक्षण किया. घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं. पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए औजार समेत अन्य सबूतों की जांच कर रही है. पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य निष्कर्ष सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- पंजाब: पुलिस दफ्तर तक पहुंची रंजिश! जलालाबाद में DSP ऑफिस के बाहर फायरिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं