- कानपुर में दो युवकों ने मामूली विवाद पर एक भिखारी को पीट-पीटकर और स्कूटी चढ़ाकर मार डाला
- पुलिस ने घटना के 24 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया
- आरोपियों ने पागल कहे जाने पर गुस्से में आकर भिखारी को तमंचे की बट से मारा और बुरी तरह पीटा
उत्तर प्रदेश के कानपुर के पॉश इलाके स्वरूपनगर में एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. शुरुआत में इसे एक मामूली सड़क हादसा समझा जा रहा था, वह दरअसल एक खौफनाक हत्याकांड निकला. हत्या की वजह इतनी मामूली थी कि सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं. वजह सिर्फ इतनी सी थी कि मृतक ने आरोपियों को पागल कह दिया था. इस बात से बौखलाए दो युवकों ने न सिर्फ उस व्यक्ति को बेरहमी से पीटा, बल्कि उसके ऊपर स्कूटी चढ़ाकर जान ले ली.हद तो तब हो गई जब इन हत्यारों ने तड़पते हुए शख्स का अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाया. कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का सनसनीखेज खुलासा कर दिया.
हादसे की सूचना से शुरू हुई तफ्तीश
थाना स्वरूप नगर पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, घटना 29 अगस्त 2026 की है. पुलिस कंट्रोल रूम UP-112 पर गरिमा वाजपेयी नाम की कॉलर ने सूचना दी कि स्वरूपनगर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है. सूचना पाते ही केडीए चौकी प्रभारी उ.नि. संकित तौगड़ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. शव की हालत और घटनास्थल को देखकर पुलिस का माथा ठनका, मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रहा था.

सीसीटीवी ने खोला हादसे का खौफनाक राज
पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो जो दिखा, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए.कैमरे में कैद तस्वीरों में साफ दिख रहा था कि दो स्कूटी सवार युवक एक अकेले व्यक्ति पर लात-घूंसों की बरसात कर रहे हैं. इतने से भी जब उनका मन नहीं भरा तो उन्होंने जमीन पर गिरे उस व्यक्ति के ऊपर अपनी स्कूटी चढ़ा दी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
24 घंटे में पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी
सीसीटीवी फुटेज सामने आते ही थाना स्वरूपनगर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर 30 अगस्त को दोनों आरोपियों को केडीए कार्यालय के पीछे पानी के टैंकर के पास से धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष शर्मा (20 वर्ष), मूल निवासी उन्नाव हाल पता- स्वरूपनगर और आशू उर्फ आशुतोष कुमार (19 वर्ष), मूल निवासी बरेली हाल पता- छोटी गुटैया, कानपुर के रूप में हुई है.
कत्ल की वजह-उसने हमें पागल क्यों कहा?
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी मृतक से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी, जिस पर मृतक ने उन्हें पागल कह दिया था. यह शब्द उन्हें इतना चुभा कि उन्होंने तमंचे की बट से मृतक के सिर पर जोरदार वार किया. लगभग 15 मिनट तक वह उसे जानवरों की तरह पीटते रहे. इसके बाद वे वहां से चले गए, लेकिन उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ. वे वापस मौके पर लौटे और घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति के ऊपर स्कूटी चढ़ाकर उसे हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया.
हत्या का बनाया वीडियो, खून से सने जूते बरामद
आरोपियों की दरिंदगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने इस पूरी घटना का अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाया. पुलिस ने इनके पास से हत्या का यह वीडियो साक्ष्य के रूप में बरामद कर लिया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ग्रे रंग की एक्टिवा स्कूटी, एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, जिसमें हत्या का वीडियो है इसके अलावा एक जोड़ी सफेद-आसमानी रंग के स्पोर्ट्स जूते, जिन पर मृतक के खून के निशान मौजूद थे बरामद किया है.
आयुष शर्मा के पास से अवैध हथियार मिलने के कारण मुकदमे में आर्म्स एक्ट भी जोड़ दिया गया है. कानपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझ गई है, वहीं शहर में इस निर्मम हत्याकांड को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल है. दोनों आरोपियों को अब न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढे़ं-14 साल पहले जहां हुई थी बेटे की हत्या, पिता ने वहीं किया सुसाइड; परिजन बोले- न्याय नहीं मिलने से थे परेशान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं