Kanpur Dehat Murder Mystery: कानपुर देहात जनपद के मंगलपुर थाना क्षेत्र स्थित अकारू गांव मंगलवार को गोलियों की गूंज से नहीं, बल्कि चीख-पुकार और खौफनाक सन्नाटे से दहल उठा. यहां एक प्रेम प्रसंग का ऐसा अंत हुआ जिसे देखकर रूह कांप जाए. एक 25 वर्षीय युवक ने अपनी नाबालिग प्रेमिका की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद फांसी के फंदे पर झूल गया.
मामा के घर रहता था प्रेमी
पुलिस के मुताबिक, औरैया निवासी शिवपाल (25 वर्ष) पिछले काफी समय से कानपुर देहात में अपने मामा-मामी के घर रह रहा था. इसी दौरान उसका पड़ोस में रहने वाली एक नाबालिग किशोरी से प्रेम प्रसंग शुरू हुआ. मंगलवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी तकरार हुई. विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर शिवपाल ने किशोरी का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया और फिर उसी कमरे में खुद भी सुसाइड कर लिया.
किशोरी की हत्या कर खुद फंदे से लटका
काफी देर तक जब कमरे में कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने भीतर झांका. अंदर का मंजर भयावह था. जमीन पर खून से लथपथ किशोरी का शव पड़ा था और सामने युवक फंदे पर लटका था. देखते ही देखते पूरे गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही मंगलपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य एकत्र किए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग और आवेश में की गई हत्या के बाद आत्महत्या का लग रहा है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतिका की मां ने बताया कि हमें अंदाजा नहीं था कि विवाद इतना बढ़ जाएगा.
ये भी पढ़ें: गाजियाबाद में कैश वैन लूटकांड के दो बदमाश मुठभेड़ में ढेर, जुबैर-समीर पर घोषित था 1-1 लाख रुपये का इनाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं