विज्ञापन

जगुआर कार बनी आग का गोला: यमुना एक्सप्रेसवे पर जलकर राख हुई लग्‍जरी कार, 4 लोगों ने कूदकर बचाई जान

यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट के पास एक चलती जगुआर कार में अचानक आग लग गई. कार में गुरुग्राम के चार लोग सवार थे, जो मथुरा-वृंदावन जा रहे थे. बोनट से धुआं निकलता देख चारों तुरंत कार से बाहर कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई. 

जगुआर कार हादसा: ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर जलकर खाक हुई लग्जरी कार, बाल-बाल बचे सवार
  • इकोटेक-1 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई.
  • जगुआर कार में अचानक आग लगने से यमुना एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया.
  • जगुआर कार में आग का कारण शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है.

उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट से करीब पांच-छह किलोमीटर आगे एक जगुआर कार में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते पूरी कार आग का गोला बन गई. कार में सवार चार लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि इस हादसे में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई.

जगुआर कार में गुरुवार के लोग सवार 

जानकारी के अनुसार, यह हादसा इकोटेक-1 थाना क्षेत्र में हुआ. गुरुग्राम के रहने वाले चार लोग जगुआर कार में सवार होकर मथुरा-वृंदावन जा रहे थे. यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से कुछ आगे बढ़ते ही गाड़ी के अगले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा. कार सवारों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका. जब तक वे कुछ समझ पाते, कार धू-धू कर जलने लगी. चारों लोगों ने ऐन वक्त पर कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. 

कार पूरी तरह जलकर राख हो गई

लक्जरी कार में आग लगने की सूचना मिलते ही इकोटेक-1 थाना पुलिस और दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर आग बुझाने के तत्काल कोई इंतजाम नहीं दिखाई दिए. 

jaguar car catches fire yamuna expressway greater noida UP

jaguar car catches fire yamuna expressway greater noida UP                                                                        Photo Credit: NDTV

जगुआर कार की कीमत क‍ितनी?

फिलहाल कार में आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को मुख्य वजह माना जा रहा है. इस हादसे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ, जिसे इकोटेक-1 कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू करवाया.

इस घटना के बाद लोगों में इस बात की भी चर्चा रही कि भारत में जगुआर कार की कीमत लगभग 68.96 लाख रुपये से शुरू होकर 1.50 करोड़ रुपये तक जाती है. इतनी महंगी और लक्जरी कार भी आगजनी जैसे हादसों से सुरक्षित नहीं है.  

यह भी पढ़ेंः दिल्ली में आज से होगी फायर सेफ्टी की बड़ी चेकिंग, उल्लंघन की इंतेहा देख सरकार भी चौंक सकती है

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com