Hamirpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में नेशनल हाइवे 34 पर भीषण हादसा हो गया. इस हादसे में चार बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं तीन बारातियों की गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सभी घायलों के को मौदहा सीएचसी में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, बारातियों से भरी ओमनी कार तेज रफ्तार ट्रक से जा टकराई. कार बारातियों को लेकर हमीरपुर से महोबा जिले जा रही थी. यह घटना मौदहा कोतवाली इलाके के नाराइच रोड की है.
वैन के परखच्चे उड़े
जानकारी के मुताबिक, हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र के ग्राम डामर से कुशवाहा समाज की बारात महोबा के ग्राम खड्डी पहरा जा रही थी. बारात में शामिल कुछ लोग ओमनी वैन से यात्रा कर रहे थे, लेकिन छिरका के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए.
चार लोगों की मौत
इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. इसकी पहचान उर्दना निवासी मोहन, डामर निवासी कमलेश, तिंदुही निवासी आशीष और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है. वहीं दिलीप, रोहित और बाबूजी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
तीन की हालत गंभीर
इधर, सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, सीओ मौदहा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को मौदहा सीएचसी अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुट गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं